खरखोदा , अचल वार्ता । स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में स्वतंत्र मिडिल स्कूल, खरखोदा के विद्यार्थियों ने शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकालकर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले बच्चों ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
तिरंगा यात्रा स्कूल परिसर से शुरू होकर राम चौक सहित शहर की प्रमुख गलियों और मुख्य मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान विद्यार्थी राष्ट्रीय गीत और देशभक्ति के गीत गाते हुए आगे बढ़े। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ ‘भारत माता की जय’ के जयघोष लगाए। हाथों में तिरंगा लेकर अनुशासन और जोश के साथ चल रहे विद्यार्थियों ने शहरवासियों का ध्यान आकर्षित किया।
यात्रा में स्कूल के समस्त स्टाफ ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्कूल स्टाफ से सुनील कुमार, सिमरन, गुंजन, फूलवती, बबली, आरती, नवनीता, रजनी , कंचन , आरती , रजनी सूमन सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी विद्यार्थियों के साथ मौजूद रहे। शिक्षकों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें राष्ट्रप्रेम, एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया। शहर के मुख्य मार्गों से निकली तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बच्चों के देशभक्ति के नारों से शहर का वातावरण गूंज उठा। विद्यार्थियों ने पदयात्रा के माध्यम से लोगों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और देश के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
विद्यालय की ओर से आयोजित इस तिरंगा यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशप्रेम की भावना को मजबूत करना और उन्हें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के लिए जागरूक करना रहा। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने स्वतंत्रता दिवस के माहौल को और भी देशभक्तिमय बना दिया।