सोनीपत में चलाया ओबीसी हक हुंकार अभियान, जातीय जनगणना के लिए डीसी को सौंपा ज्ञापन

Sep 21, 2026 - 16:11
Sep 21, 2026 - 16:43
 0  0
सोनीपत में चलाया ओबीसी हक हुंकार अभियान, जातीय जनगणना के लिए डीसी को सौंपा ज्ञापन

सोनीपत, अचल वार्ता। जातीय जनगणना की मांग को लेकर शुरू किए गए ओबीसी हक हुंकार अभियान के तहत कोंग्रेसी नेताओं ने सोनीपत में प्रदर्शन करते हुए जिला उपायुक्त के नाम एसडीएम के हाथों ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान सोनीपत के सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, प्रदेश कांग्रेस ओबीसी विभाग के चेयरमैन व विधायक चंद्रप्रकाश, कांग्रेस कमेटी सोनीपत के शहरी प्रधान कमल दीवान, कांग्रेस कमेटी सोनीपत के ग्रामीण प्रधान संजीव कुमार दहिया व सोनीपत से पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार, पूर्व विधायक पदम् सिंह दहिया, राई से पूर्व प्रत्याशी जयभगवान अंतिल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 

  कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए जातीय जनगणना की मांग से पूरे शहर को गुंजायमान कर दिया। सोनीपत के लघु सचिवालय में पहुंचकर सभी ने मिलकर जिला उपायुक्त को महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सोनीपत के सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि जनगणना में ओबीसी का कॉलम अवश्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी व समस्त कांग्रेस नेताओं ने आवाज उठाई थी तो भाजपा सरकार के साथ तय हो गया था कि जनगणना जाति के आधार पर होगी। इसके विपरीत अब जातिगत जनगणना को दरकिनार किया जा रहा है। इसलिए अब कांग्रेस द्वारा ओबीसी हक हुुंकार अभियान चलाया जा रहा है। 

 विधायक चंद्रप्रकाश ने कहा कि भाजपा सरकार जातिगत जनगणना करवाने की अपेक्षा भ्रामकता पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि जनगणना में ओबीसी कॉलम का प्रावधान ही नहीं किया गया है। चंद्रप्रकाश ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार प्रदेशभर में सामाजिक न्याय व समान भागीदारी के लिए 100 दिवसीय ओबीसी हक हुंकार अभियान चल रहा है। इस अभियान के तहत जनगणना में स्पष्ट ओबीसी श्रेणी, प्रत्येक जाति के लिए विशिष्ट वैज्ञानिक कोड, राज्यवार मानकीकृत जाति मास्टर लिस्ट व ड्रॉप डाउन मेन्यू का प्रावधान करने की मांग उठाई जा रही है। 

 प्रदेश कांग्रेस ओबीसी विभाग के चेयरमैन चंद्रप्रकाश ने स्पष्ट किया कि जातिगत जनगणना करवाने एवं इसे पारदर्शी बनाने के लिए डीसी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि ओबीसी हक हुंकार अभियान के तहत इसी तरह विभिन्न जिलों में धरना, प्रदर्शन, रैली व भूख हड़ताल करते हुए लोगों को जागरूक किया जाएगा और जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष व न्याययोद्धा राहुल गांधी भी जातिगत जनगणना के लिए विभिन्न मंचों पर आवाज बुलंद कर चुके हैं। 

   उन्होंने कहा कि भाजपा ने झूठे व बड़े-बड़े वादे करके पिछड़े वर्गों के वोट तो हथिया लिए लेकिन जब उन्हें पूरा करने का समय आया तो सरकार सुध लेने के लिए भी तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में पिछड़े वर्गों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने की अपेक्षा उन्हें पीछे धकेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी व स्पष्ट जातिगत जनगणना से आबादी के सही आंकड़े सामने आएंगे। सही आंकड़ों से ही पिछड़े वर्गों के हितों के लिए उचित व कल्याणकारी योजनाएं बनाई जा सकती हैं। इस दौरान सुरेंद्र शर्मा, हरेंद्र, संदीप, सुरेंद्र बैरागी, भलेराम जांगड़ा, जितेंद्र जांगड़ा, देवेंद्र, जयवीर, कलावती पांचाल, कुलदीप देशवाल, प्रदीप गौतम, बिजेदर मलिक, देवेंद्र महला सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0