विश्व अंगदान दिवस पर 51 लोगों ने ली अंगदान की महाशपथ
कानपुर, अचल वार्ता। विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर युग दधीचि देहदान संस्थान, कानपुर के तत्वावधान में जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के एलटी-वन सभागार में गुरुवार को 51 लोगों ने अंगदान की महाशपथ लेकर सामाजिक सेवा और मानवता की मिसाल पेश की। इस अवसर पर सभी संकल्पकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
देहदान अभियान प्रमुख मनोज सेंगर ने पांच प्रमुख अंगदान संकल्पकर्ताओं का सम्मान करते हुए उनके साहस और सामाजिक पहल की सराहना की। उन्होंने बताया कि विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष राजीव महाना, धर्मसंघ संयोजक पं. शेष नारायण त्रिवेदी ‘पप्पू भैया’, उत्कर्ष अकादमी के निदेशक डॉ. प्रदीप दीक्षित, मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. मनीष सिंह और वरिष्ठ नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. युवराज गुलाटी ने अंगदान की घोषणा करते हुए विधिवत शपथपत्र भरा।
मौके पर ही मिला अंगदान प्रमाणपत्र
कार्यक्रम में नेशनल ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन , नई दिल्ली की ओर से अंगदान प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई थी। निर्धारित एप पर आधार नंबर दर्ज करने और आवश्यक जानकारी भरने के बाद प्रमाणपत्र तत्काल जनरेट किया गया। आयोजन स्थल पर प्रिंटर आदि की व्यवस्था होने से उपस्थित लोगों ने मौके पर ही अपने अंगदान प्रमाणपत्र प्राप्त किए। मनोज सेंगर ने कहा कि अंगदान केवल एक संकल्प नहीं, बल्कि मृत्यु के बाद भी किसी जरूरतमंद को जीवन देने का माध्यम है। समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाकर अनेक लोगों की जिंदगी बचाई जा सकती है।
कार्यक्रम में प्रकाश धवन, रवि तिवारी, मदन लाल भाटिया और प्रेमलता तिवारी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। संचालन मनोज सेंगर ने किया, जबकि संस्था की महासचिव माधवी सेंगर ने आभार व्यक्त किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0