लखीमपुर खीरी : मस्जिद तक पहुंचना बना मुसीबत, जलभराव से जूझ रहे नमाजी
- "मस्जिद के चारों ओर जलभराव, नमाजियों की आस्था पर भारी पड़ रही प्रशासनिक लापरवाही"
लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। जिले की विकासखंड फूलबेहड़ की ग्राम पंचायत ओदरहना के मजरा हाजीपुरवा स्थित मस्जिद के चारों ओर लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है।
हालात यह हैं कि नमाज अदा करने के लिए आने वाले लोगों को गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात हो या सामान्य दिन, मस्जिद के आसपास पानी जमा रहने से बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। धार्मिक स्थल तक पहुंचने के लिए लोगों को कपड़े संभालकर और फिसलन भरे रास्तों से गुजरना पड़ता है, जिससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब सरकार गांवों में विकास और स्वच्छता के बड़े-बड़े दावे कर रही है, तब धार्मिक स्थल के आसपास की यह बदहाल स्थिति जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो बरसात के मौसम में हालात और भी गंभीर हो जाएंगे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और ग्राम पंचायत से तत्काल जलभराव की समस्या दूर कराने तथा मस्जिद तक आने-जाने के लिए सुरक्षित रास्ते की व्यवस्था कराने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0