अंबेडकरनगर के पुरु दुबे बने IAS, UPSC 2025 में 86वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया जिले का गौरव
अंबेडकरनगर के महरुआ बाजार निवासी पुरु दुबे ने UPSC 2025 में 86वीं रैंक हासिल कर IAS में स्थान पाया। IIT BHU के टॉपर रहे पुरु ने तीसरे प्रयास में सफलता प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।
अंबेडकरनगर, अचल वार्ता। जिले के महरुआ बाजार निवासी पुरु दुबे ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) 2025 की सिविल सेवा परीक्षा में 86वीं रैंक हासिल कर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस शानदार सफलता से पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। परिवार, मित्रों और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए गर्व व्यक्त किया है।
पुरु दुबे के पिता संजय दुबे सिद्धार्थनगर जिले के रत्नसेन इंटर कॉलेज, बांसी में प्रधानाचार्य हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि के बावजूद पुरु ने कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। खास बात यह है कि उन्हें तीसरे प्रयास में यह सफलता मिली है।
दो बार इंटरव्यू तक पहुंचे, तीसरे प्रयास में मिली सफलता
पुरु दुबे इससे पहले दो बार यूपीएससी परीक्षा में इंटरव्यू तक पहुंचे थे, लेकिन अंतिम चयन सूची में स्थान नहीं बना सके थे। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार प्रयास करते रहे। उनके दृढ़ संकल्प और मेहनत का परिणाम इस बार सफलता के रूप में सामने आया।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के मार्गदर्शन, परिवार के सहयोग और लगातार की गई मेहनत को दिया है। फिलहाल पुरु दुबे दिल्ली में हैं और जल्द ही अपने घर आने की संभावना है।
सेंट पीटर्स इंटर कॉलेज के रहे टॉपर
पुरु दुबे ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई नगर के सेंट पीटर्स इंटर कॉलेज से पूरी की, जहां वे दोनों कक्षाओं में विद्यालय के टॉपर रहे। छात्र जीवन से ही वे पढ़ाई में हमेशा अव्वल रहे और अपनी प्रतिभा का परिचय देते रहे।
IIT BHU से सिविल इंजीनियरिंग में रहे टॉपर
पुरु दुबे ने प्रतिष्ठित IIT BHU से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और अपने बैच में टॉपर रहे। शिक्षा के क्षेत्र में उनकी यह उपलब्धि पहले ही उनकी प्रतिभा को साबित कर चुकी थी। अब यूपीएससी में 86वीं रैंक हासिल कर उन्होंने अपने सपने को साकार कर लिया।
परिवार में शिक्षा का मजबूत माहौल
पुरु दुबे के परिवार में शिक्षा का मजबूत माहौल है। उनके चाचा अजय दुबे जिले के समोखपुर स्थित परिषदीय विद्यालय में प्रधानाध्यापक हैं, जबकि दूसरे चाचा डॉ. राजेश दुबे बस्ती जिले के परशुरामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।
परिवार में उनकी बहनें भी शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं। बड़ी बहन साक्षी दुबे सिविल सेवा की तैयारी कर रही हैं, जबकि दूसरी बहन स्मृति दुबे दिल्ली में रहकर स्नातक की पढ़ाई कर रही हैं।
आईएएस बनने से दोगुनी हुई घर की खुशियां
पुरु दुबे के आईएएस बनने की खबर से परिवार में खुशी का माहौल है। परिवार पहले से ही उनकी बहन साक्षी दुबे की अप्रैल में होने वाली शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। ऐसे में पुरु की सफलता ने घर की खुशियों को दोगुना कर दिया है।
महरुआ बाजार सहित पूरे अंबेडकरनगर जिले में उनकी सफलता का जश्न मनाया जा रहा है। लोग मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर कर रहे हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।
- अमित प्रजापति
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0