बैलेंस समाप्त होने पर रात और अवकाश में नहीं कटेगी बिजली, उपभोक्ताओं को बड़ी राहत

Apr 11, 2026 - 11:00
Apr 11, 2026 - 18:47
 0  0
बैलेंस समाप्त होने पर रात और अवकाश में नहीं कटेगी बिजली, उपभोक्ताओं को बड़ी राहत
  • गर्मी में निर्बाध बिजली आपूर्ति को लेकर ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने की समीक्षा बैठक
  • जनता सर्वाेपरि, उपभोक्ता हित में त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश
  • स्मार्ट मीटर व्यवस्था को पारदर्शी और उपभोक्ता-अनुकूल बनाने पर जोर
  • जागरूकता, मॉनिटरिंग और जवाबदेही पर ऊर्जा मंत्री का विशेष फोकस

लखनऊ, अचल वार्ता। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने संगम सभागार, लखनऊ में अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, यूपीपीसीएल तथा प्रदेश के सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों के साथ समीक्षा बैठक कर आगामी गर्मी के मौसम में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु की गई तैयारियों का मूल्यांकन किया।
बैठक के दौरान ऊर्जा मंत्री ने कहा कि विद्युत व्यवस्था का मूल उद्देश्य उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा देना है। सिस्टम में जनता सर्वाेपरि है, इसलिए सभी अधिकारी उपभोक्ता हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करें और शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करें।
स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं पर विशेष चिंता व्यक्त करते हुए मंत्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस और प्रभावी रणनीति अपनाई जाए। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं में किसी प्रकार की भ्रांति या असमंजस की स्थिति नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए, जिससे उपभोक्ता स्मार्ट मीटर के लाभों, उपयोगिता एवं संचालन प्रणाली को भली-भांति समझ सकें। ऊर्जा मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर में पर्याप्त बैलेंस बनाए रखने के लिए नियमित रूप से जागरूक किया जाए तथा बैलेंस समाप्त होने से पूर्व उन्हें समय से सूचना उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता का बैलेंस रात्रि के समय समाप्त होता है, तो उसका विद्युत कनेक्शन रात में नहीं काटा जाएगा। इसी प्रकार, अवकाश के दिनों में भी किसी उपभोक्ता का कनेक्शन विच्छेदित नहीं किया जाएगा, जिससे उपभोक्ताओं को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े। स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए मंत्री ने अलग काउंटर स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि उपभोक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके और उन्हें भटकना न पड़े। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं उत्तरदायी बनाया जाए।
बैठक में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से क्षमता वृद्धि के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने कहा कि ट्रांसफार्मर, फीडर एवं अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं को समय रहते सुदृढ़ किया जाए, ताकि गर्मी के दौरान बढ़ती मांग के बावजूद निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने फील्ड स्तर पर निरंतर मॉनिटरिंग, जवाबदेही तय करने और अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही यह भी कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में यूपीपीसीएल के चेयरमैन  आशीष गोयल, प्रबंध निदेशक पंकज कुमार सहित सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0