Lucknow News: राष्ट्रीय युवा दिवस पर एड्स जागरूकता के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम, लुलु मॉल में हुआ “स्वैग से अवरनेस” आयोजन

राष्ट्रीय युवा दिवस पर लखनऊ के लुलु मॉल में UPSACS और आकाशवाणी लखनऊ द्वारा आयोजित “स्वैग से अवरनेस” सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से एचआईवी/एड्स को लेकर जागरूकता फैलाई गई, जिसमें गीत, कविता, स्किट और क्विज के जरिए सामाजिक संदेश दिया गया।

Jan 13, 2026 - 19:21
Jan 23, 2026 - 23:06
 0  4
Lucknow News: राष्ट्रीय युवा दिवस पर एड्स जागरूकता के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम, लुलु मॉल में हुआ “स्वैग से अवरनेस” आयोजन

लखनऊ, अचल वार्ता। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर एचआईवी/एड्स के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी (UPSACS) एवं आकाशवाणी लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में 12 जनवरी को लुलु मॉल, लखनऊ में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम “स्वैग से अवरनेस” का आयोजन किया गया।

दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि UPSACS के अपर परियोजना निदेशक रविन्द्र कुमार सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात आकाशवाणी लखनऊ के केंद्राध्यक्ष आर.बी. सिंह ने अतिथियों और उपस्थित दर्शकों का स्वागत किया।

एचआईवी/एड्स को लेकर भ्रांतियां दूर करने का संदेश...

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर परियोजना निदेशक रविन्द्र कुमार ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम जनता के बीच एचआईवी/एड्स को लेकर जागरूकता फैलाना तथा इससे जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों और भेदभाव को समाप्त करना है। उन्होंने एचआईवी संक्रमण के कारणों, लक्षणों और उपलब्ध उपचार (ART) की जानकारी भी साझा की।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां....

कार्यक्रम में गीत, भजन, लोकगीत और कविताओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रसिद्ध गायिका डॉ. रंजना अग्रहरि ने अपनी मधुर आवाज से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। लोक गायिका संजोली पांडेय ने “मैं बनाऊं तरकारी बताके जाना…” जैसे लोकप्रिय गीतों से खूब तालियां बटोरीं।

रेडियो प्रेजेंटर सुरेंद्र राजेश्वरी ने “चुनरी तेरी चमकनी” और “बेडू पाको बार मासा” गाकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं कवि मुकुल महान और गजेन्द्र प्रियांशु की हास्य कविताओं ने कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया।

कविता की पंक्तियाँ —

“गुड़हल और बबूलों के दिन सबके आते हैं,

दिन से क्या घबराना, दिन तो आते जाते हैं…”

दर्शकों के बीच खासा लोकप्रिय रहीं।

स्किट, क्विज और स्टैंडअप कॉमेडी से दिया जागरूकता संदेश

कार्यक्रम के दौरान अवधी स्किट, क्विज और स्टैंडअप कॉमेडी के माध्यम से एचआईवी/एड्स से बचाव, सुरक्षित व्यवहार और सही जानकारी का प्रभावी संदेश दिया गया। आरजे की प्रस्तुतियों को भी दर्शकों ने खूब सराहा।

एचआईवी एड्स कोई कलंक नहीं: सुमोना पांडेय...

कार्यक्रम के अंत में आकाशवाणी लखनऊ की कार्यक्रम प्रमुख सुमोना पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि एचआईवी/एड्स कोई सामाजिक कलंक नहीं बल्कि एक स्वास्थ्य संबंधी विषय है। सही जानकारी, सुरक्षित व्यवहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और जागरूकता से इससे बचाव पूरी तरह संभव है।

इस अवसर पर आकाशवाणी समाचार एकांश के प्रमुख सूरज तिवारी, UPSACS, लुलु मॉल एवं आकाशवाणी लखनऊ के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0