हरदोई में हर्षोल्लास के साथ मना स्वतंत्रता दिवस
हरदोई , अचल वार्ता। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी अनुनय झा ने ध्वजारोहण कर अधिकारियों व कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। ककरा खेड़ा प्राथमिक विद्यालय, सनबीम स्कूल और स्प्रिंगडेल्स पब्लिक स्कूल के बच्चों ने देशभक्ति व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में चार चांद लगा दिए। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर जिलाधिकारी ने प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस दौरान उत्तर प्रदेश में प्रथम जनपद के रूप में उत्तराधिकार रजिस्ट्रेशन पोर्टल की प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन कराने में सहयोग के लिए देवेश कुमार सिंह, मीनाक्षी और आफताब आलम सिद्दीकी को भी सम्मानित किया गया। स्वच्छता व्यवस्था में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्वच्छाग्रहियों को भी सम्मान मिला।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस वीर स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के त्याग एवं बलिदान को याद करने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी से अपने स्तर पर बेहतर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अगले एक वर्ष में कम से कम 80 अच्छे कार्य करने का संकल्प ले।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट गुलाब चन्द्र सहित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल ने विकास भवन में ध्वजारोहण किया और पुलिस लाइन के सामने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0