नई अनाज मंडी में उपमंडल स्तर पर धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह
खरखौदा/ सोनीपत , अचल वार्ता। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उप मंडल स्तरीय कार्यक्रम में विधायक पवन खरखोदा में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम के ज्ञात-अज्ञात सेनानियों और देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। सर्वप्रथम विधायक ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के उत्तराधिकारियों व शहीद सैनिकों के उत्तराधिकारियों को सम्मानित किया।
स्वतंत्रता दिवस के साथ हरियाली तीज के पावन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए विधायक पवन खरखोदा ने कहा कि यह पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, प्रकृति और नारी शक्ति का प्रतीक है। हरियाणा की धरती वीरता, त्याग और देशभक्ति की गौरवशाली परंपरा के लिए जानी जाती है। अंबाला से 1857 में उठी स्वतंत्रता आंदोलन की चिंगारी ने पूरे देश में आजादी की चेतना को मजबूत किया।
विकसित भारत-विकसित हरियाणा का संकल्प
प्रदेश सरकार का लक्ष्य आर्थिक विकास के साथ-साथ सामाजिक न्याय, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण को मजबूत करना है। हरियाणा तेजी से विकसित होती अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र के संतुलित विकास से प्रदेश की आर्थिक शक्ति बढ़ रही है। युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास, किसानों की आय बढ़ाने, नए उद्योग स्थापित करने तथा आधुनिक आधारभूत ढांचे के विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
किसान, महिला और युवा सशक्तिकरण पर जोर
हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है। प्राकृतिक एवं जैविक खेती, फसल विविधीकरण और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है।महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता और अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। युवाओं को विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए उन्हें शिक्षा, रोजगार, कौशल और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
नशामुक्त समाज और खेलों को बढ़ावा
नशे को युवा शक्ति, परिवार और समाज के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए नशामुक्त युवा और स्वस्थ समाज के निर्माण का आह्वान किया गया। प्रदेश में जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से युवाओं और समाज के सभी वर्गों को नशे के विरुद्ध एकजुट किया जा रहा है। खेलों के क्षेत्र में भी हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश और दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन किया है।
हरियाणा के समग्र विकास का लक्ष्य
सरकार का स्पष्ट मानना है कि विकास तभी सार्थक है जब उसका लाभ गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा के निर्माण का लक्ष्य सामने रखते हुए ऐसे प्रदेश की परिकल्पना की गई है जहां किसान समृद्ध हों, युवाओं को रोजगार मिले, बेटियां सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर हों, उद्योगों को अवसर मिलें, गांव और शहर समान रूप से विकसित हों तथा पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता मिले।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी प्रदेशवासियों से महान स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत और विकसित हरियाणा बनाने के लिए मिलकर योगदान देने का आह्वान किया गया। साथ ही देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे वीर जवानों, पुलिस एवं सुरक्षा बलों, किसानों, श्रमिकों, उद्यमियों, शिक्षकों, चिकित्सकों, वैज्ञानिकों, खिलाड़ियों और समाज के प्रत्येक वर्ग को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
प्रशासन के कार्य क्षेत्र में उत्कर्ष प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को किया गया सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस के इस कार्यक्रम के अवसर पर विभिन्न विभागों व अपने - अपने क्षेत्र में उत्कर्ष प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को माननीय विधायक द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ-साथ अनेक सामाजिक संस्थाओं जिन्होंने समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है, उन संस्थाओं को भी इस अवसर पर सम्मानित किया गया।
स्कूली बच्चों ने भव्य प्रस्तुतियां देकर बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस के इस कार्यक्रम में गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल खरखोदा, बुद्धा इंटरनेशनल स्कूल तुर्कपुर,आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल रोहणा, शंभू दयाल सीनियर सेकेंडरी स्कूल खांडा, गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल मंटिडू, कल्पना चावला सीनियर सेकेंडरी स्कूल खरखोदा, प्रताप सीनियर सेकेंडरी स्कूल खरखोदा, गवर्नमेंट गर्ल स्कूल खरखौदा के छात्र-छात्राओं ने भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में देशभक्ति के रंग को चार चांद लगा दिए।
इस अवसर पर एसडीएम अमित भारद्वाज, मुख्य न्यायाधीश खरखौदा सुषमा, न्यायाधीश सूर्यकांत चौधरी, नगर पालिका अध्यक्ष हीरालाल इंदौरा, एसीपी जोगिंदर शर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप राठी, सीडीपीओ नीलम रंगा, व अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0