गन्नौर /सोनीपत , अचल वार्ता। एसडीएम प्रवेश कादियान ने मंगलवार को गांव राजलू गढ़ी स्थित पीएचसी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डेंटल सर्जन (एम.ओ.) अनुपस्थित मिले, जिसकी सूचना देते हुए एसएमओ टीना आनंद को मौके पर ही आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश देते हुए कहा कि भविष्य में भी नियमित रूप से निरीक्षण किया जाएगा। एसडीएम ने कहा कि नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार और प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की असुविधा मिलने पर आवश्यक प्रशासनिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम प्रवेश कादियान ने पीएचसी में लैबोरेटरी, दवाई वितरण व्यवस्था, आपातकालीन कक्ष, आयुष केन्द्र तथा विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में अग्निरोधक उपकरणों एवं शौचालयों का उचित रख—रखाव न मिलने पर इनको तुरंत प्रभाव से दुरूस्त करने, साफ—सफाई व्यवस्था बनाए रखने तथा मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। एसडीएम ने मौजूद पीएचसी स्टाफ को निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी सेवाएं सुचारु रूप से संचालित की जाएं।