सोनीपत , अचल वार्ता। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत की जिला सलाहकार समिति (युवा कार्यक्रम) की बैठक बुधवार को लघु सचिवालय, के सभागार में सीटीएम सिमरन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले के अधिक से अधिक युवाओं को मेरा भारत से जोड़ने, उन्हें राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में सक्रिय भागीदार बनाने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा विभिन्न विकासात्मक कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी बढ़ाने को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।
सीटीएम सिमरन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेरा भारत के उद्देश्यों को युवाओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के अधिक से अधिक युवाओं को मेरा भारत पोर्टल पर पंजीकरण करवाने के लिए विभागानुसार लक्ष्य निर्धारित करते हुए विशेष अभियान चलाया जाए। महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, विद्यालयों तथा सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से युवाओं को मेरा भारत की गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 31 अक्टूबर 2023 को मेरा भारत पोर्टल का शुभारंभ युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने और उन्हें विकासात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया था। मेरा भारत पोर्टल युवाओं को स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास, कौशल उन्नयन, सामुदायिक सहभागिता, इंटर्नशिप तथा विभिन्न सामाजिक एवं विकासात्मक गतिविधियों से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध करा रहा है।
*15 अगस्त तक चल रहे गहन पंजीकरण परिक्रिया की हुई समीक्षा बैठक*
1 जुलाई से 15 अगस्त तक चलाए जा रहे गहन पंजीकरण प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अभियान के निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए शिक्षण संस्थानों तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए। युवाओं को मेरा भारत ऐप एवं पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें अधिकाधिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाए।
बैठक में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने के लिए गतिविधियों को व्यापक स्तर पर आयोजित करने पर भी चर्चा की गई। युवाओं को स्वस्थ, सकारात्मक एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने तथा नशा मुक्ति के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने पर बल दिया गया।
उन्होंने कहा कि देश के विकास में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार और नेतृत्व क्षमता का सकारात्मक उपयोग करते हुए “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है। मेरा भारत के माध्यम से युवाओं को पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता, साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति, स्वच्छता, सामुदायिक विकास, सामाजिक सेवा एवं अन्य जनहितकारी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
बैठक के दौरान डिप्टी डीईओ कृष्णा खत्री, डीटीओ संजय कुमार, डीएसडब्ल्यू ईश्वर राठी, जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार, रेंजर फॉरेस्ट ऑफीसर नरेश कुमार व अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।