बेहजम मार्ग पर भीषण हादसा, महिला को कुचलकर फरार हुआ वाहन
लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। जिले के थाना फरधान क्षेत्र अंतर्गत पिकेट पुलिस चौकी लीलाकुआं के पास बेहजम-लखीमपुर मार्ग पर शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें करीब 45 वर्षीय अज्ञात महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा ओम साईं विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के आगे कोढ़ैय्या गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने महिला को जोरदार टक्कर मारते हुए कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग सहम गए। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, भीड़ को नियंत्रित किया और यातायात को सुचारू कराया। कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव की स्थिति अत्यंत क्षतिग्रस्त होने के कारण उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। प्रथम दृष्टया मामला हिट एंड रन का प्रतीत हो रहा है। थाना फ़रधान प्रभारी निरीक्षक राजू राव ने बताया कि अज्ञात वाहन और चालक की तलाश के लिए आसपास के चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस लगभग दो किलोमीटर क्षेत्र के कैमरों की जांच कर चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। वहीं, थाना नीमगांव के बेहजम चौकी प्रभारी संदीप यादव ने बताया कि हादसा अत्यंत भयावह था और शव के अवशेषों को एकत्र करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि मृतका की पहचान हो सके और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से देखते हुए हर पहलू पर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags:
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0