हरदोई में जिला स्तरीय पंच सम्मेलन का हुआ आयोजन, विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम-2025 के विजन एवं उद्देश्यों की दी गई जानकारी

Aug 10, 2026 - 17:43
Aug 10, 2026 - 17:57
 0  6
हरदोई में जिला स्तरीय पंच सम्मेलन का हुआ आयोजन, विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम-2025 के विजन एवं उद्देश्यों की दी गई जानकारी

हरदोई , अचल वार्ता । विकास भवन स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में सोमवार को जिला स्तरीय पंच सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती प्रेमावती, मा० जिला पंचायत अध्यक्ष, हरदोई ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सम्मेलन में मुख्य विकास अधिकारी, हरदोई, उपायुक्त श्रम रोजगार, समस्त कार्यक्रम अधिकारी/खंड विकास अधिकारी, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक, ग्राम रोजगार सेवक तथा पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधि ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।

जिला स्तरीय पंच सम्मेलन में मुख्य अतिथि श्रीमती प्रेमावती द्वारा वर्तमान परिवेश में विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम-2025 के विजन एवं उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा अधिनियम के अंतर्गत पंचायती राज संस्थाओं की भूमिका एवं दायित्वों के संबंध में प्रतिभागियों को जानकारी दी गई।

उपायुक्त, श्रम रोजगार द्वारा विकसित ग्राम पंचायत योजनाओं की तैयारी एवं अनुमोदन, परिवारों के पंजीकरण तथा ग्रामीण रोजगार गारंटी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रतिभागियों को उपलब्ध कराई गई। वहीं अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी द्वारा योजना के अंतर्गत प्रस्तावित 318 कार्यों को चार प्रमुख श्रेणियों—जल सुरक्षा, ग्रामीण आधारभूत संरचना, ग्रामीण आजीविका एवं आपदा प्रबंधन—में विभाजित किए जाने के संबंध में विस्तार से बताया गया।

सम्मेलन में अधिनियम के अंतर्गत श्रमिकों को एक वित्तीय वर्ष में अधिकतम 125 दिवस का रोजगार उपलब्ध कराने, कृषि कार्यों की अधिकता वाले समय में श्रमिकों को 60 दिवस का अवकाश, सतत एवं स्थायी विकास पर विशेष फोकस, महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूहों, युवाओं तथा समुदाय की सक्रिय भागीदारी, केंद्र एवं राज्य के सहयोग से सुदृढ़ वित्तीय ढांचा, रोजगार के साथ कौशल विकास मिशन तथा ग्राम पंचायतों को सशक्त अधिकार दिए जाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 1
Wow Wow 0