हरदोई : बेटी की हत्या कर रची सांप काटने की साजिश, पिता समेत चार गिरफ्तार
हरदोई, अचल वार्ता। संडीला थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय शुभी की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने युवती के पिता समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि देर रात घर लौटने से नाराज परिजनों ने शुभी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में हत्या को छिपाने के लिए सांप काटने और आत्महत्या की झूठी कहानी गढ़ी गई।
पुलिस के अनुसार, 3 जून की रात शुभी बिना बताए घर से चली गई थी और 4 जून की सुबह करीब चार बजे वापस लौटी। उसके देर रात घर आने से नाराज पिता रामदयाल ने अपने भाइयों मुनेश और सुरेश तथा मुनेश की पत्नी माधुरी के साथ मिलकर शुभी की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट इतनी गंभीर थी कि शुभी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने और पुलिस को गुमराह करने की योजना बनाई। पूछताछ में सामने आया कि मृतका के शरीर पर सिलाई की सुई से सांप के काटने जैसे निशान बनाए गए। वहीं, गले पर फांसी जैसे निशान बनाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया, ताकि किसी को हत्या का संदेह न हो।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने पुलिस को सूचना दिए बिना और किसी वैधानिक प्रक्रिया का पालन किए बगैर गांव के बाग में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पूरे मामले का पर्दाफाश तब हुआ जब मृतका की मां मिथिलेशा पत्नी रामदयाल ने हिम्मत जुटाकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मिथिलेशा की तहरीर पर पुलिस ने हत्या और साक्ष्य मिटाने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रामदयाल, मुनेश, सुरेश और माधुरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। बेटी की हत्या के बाद उसे प्राकृतिक मौत और आत्महत्या का रूप देने की साजिश ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है।
- लक्ष्मीकांत पाठक
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0