हरदोई : मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने शिक्षकों को वितरित किये हेल्थ कार्ड

Jul 8, 2026 - 16:17
Jul 8, 2026 - 16:31
 0  8
हरदोई : मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने शिक्षकों को वितरित किये  हेल्थ कार्ड

हरदोई, अचल वार्ता । शिक्षकों और शिक्षा कर्मियों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मंगलवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं डीबीटी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने वाराणसी से आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से योजना का शुभारंभ किया, जबकि हरदोई में पिहानी रोड स्थित जे.के. ग्रांड रिसॉर्ट में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन कर इसका सीधा प्रसारण देखा गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के आबकारी एवं मद्य निषेध राज्य मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के माध्यम से शिक्षकों एवं उनके पात्र आश्रितों को सूचीबद्ध सरकारी और निजी चिकित्सालयों में कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और आर्थिक राहत दोनों मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य किया है। अब स्वास्थ्य सुरक्षा के क्षेत्र में यह योजना शिक्षकों के कल्याण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।

समारोह के दौरान बेसिक शिक्षा परिषद तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के दस-दस शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को प्रतीकात्मक रूप से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा हेल्थ कार्ड वितरित किए गए। अधिकारियों ने बताया कि योजना का लाभ बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षक, शिक्षामित्र, विशेष शिक्षक, अनुदेशक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के वार्डन, पूर्णकालिक एवं अंशकालिक शिक्षक, प्रधानमंत्री पोषण योजना के रसोइये तथा उनके पात्र आश्रितों को मिलेगा। योजना के लिए ऑनलाइन पंजीकरण, आधार आधारित ई-केवाईसी तथा डिजिटल चिकित्सा कार्ड की व्यवस्था भी की गई है।

कार्यक्रम स्थल पर भारतीय स्टेट बैंक तथा स्वयंसेवी संस्थाओं एजुकेट गर्ल्स और प्रथम द्वारा सूचना स्टॉल लगाए गए, जहां उपस्थित लोगों को योजना और अन्य सुविधाओं की जानकारी प्रदान की गई। आयोजन में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों, जिला समन्वयकों, एसआरजी, एमआईएस टीम, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का संचालन मनीष मिश्र एवं श्वेता सिंह गौर ने किया।

समारोह के अंत में सभी पात्र शिक्षकों एवं कर्मचारियों से निर्धारित पोर्टल पर शीघ्र पंजीकरण कर योजना का लाभ लेने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह योजना केवल स्वास्थ्य सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षक समाज के सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है। इससे शिक्षा जगत से जुड़े लाखों परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ आर्थिक सुरक्षा का भी भरोसा मिलेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0