जल जीवन मिशन की टंकी से केबिल चोरी, पेयजल व्यवस्था ठप

लखीमपुर खीरी के फरधान क्षेत्र में जल जीवन मिशन की पानी टंकी से केबिल चोरी होने के बाद पेयजल सप्लाई बाधित हो गई। ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की।

May 22, 2026 - 20:10
May 23, 2026 - 08:57
 0  2
जल जीवन मिशन की टंकी से केबिल चोरी, पेयजल व्यवस्था ठप

लखीमपुर खीरी , अचल वार्ता। थाना फरधान क्षेत्र में सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना को चोरों ने बड़ा झटका देते हुए ग्राम पंचायत पीरपुर स्थित पानी टंकी को निशाना बना डाला। 20 मई की रात अज्ञात चोर टंकी परिसर से करीब 10 मीटर केबिल चोरी कर ले गए, वहीं करीब छह पैनलों के तार काटकर पूरी पानी सप्लाई व्यवस्था को ठप कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में पेयजल संकट गहराने लगा है। सुबह जानकारी होने पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दिनेश चंद्र ने मामले की सूचना फरधान पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साइट इंजीनियर धीरेन्द्र कुमार ने बताया कि क्षतिग्रस्त व्यवस्था को दुरुस्त करने में लगभग एक सप्ताह का समय लग सकता है। ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पहले से ही जलापूर्ति व्यवस्था सुचारु नहीं चल रही थी और अब चोरी की इस घटना ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि यदि चौकीदार अपनी जिम्मेदारी ठीक से निभाता तो चोर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम नहीं दे पाते। गांववासियों का कहना है कि जल जीवन मिशन जैसी करोड़ों की योजना की सुरक्षा भगवान भरोसे छोड़ दी गई है। टंकी परिसर में न तो पर्याप्त निगरानी है और न ही कोई ठोस सुरक्षा इंतजाम।

ऐसे में सरकारी संपत्तियां लगातार चोरों के निशाने पर हैं। पानी सप्लाई बंद होने से ग्रामीणों को पेयजल के साथ-साथ घरेलू कार्यों में भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण अब पानी के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। वहीं लोगों ने प्रशासन से जल्द व्यवस्था बहाल कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 1
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0