हरदोई : बस शेल्टरों को बना रखा था निशाना, सोलर पैनल-बैटरी चोर गिरोह का पर्दाफाश
बस शेल्टरों को बना रखा था निशाना, सोलर पैनल-बैटरी चोर गिरोह का पर्दाफाश
कछौना पुलिस ने तीन शातिर चोरों को दबोचा, 10 बैटरियां, 4 सोलर पैनल और दो मोटरसाइकिल बरामद
कछौना/हरदोई , अचल वार्ता। राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे बने बस शेल्टरों से सोलर पैनल और बैटरियां चोरी कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले गिरोह का थाना कछौना पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 10 बैटरियां, 4 सोलर पैनल तथा वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई कई चोरी की घटनाओं का भी खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार 14 जून 2026 को ग्राम तिलोई स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-731 पर बने बस शेल्टर से सोलर लाइटों की बैटरियां एवं अन्य उपकरण चोरी होने की सूचना मिली थी। मामले में थाना कछौना पर मुकदमा संख्या 196/26 धारा 303(2) बीएनएस तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 2/3 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान धारा 317(2) बीएनएस की भी बढ़ोत्तरी की गई।
घटना के खुलासे के लिए जुटी पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रोनक तिवारी पुत्र सुभाष कुमार तिवारी निवासी ग्राम जासू, सूरज तिवारी पुत्र मुकेश तिवारी निवासी आमागली तथा सुमित कश्यप पुत्र राम निवासी ग्राम मुन्नी थाना बघौली शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 8 जून को थाना बघौली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर स्थित बस शेल्टर से बैटरियां चोरी की थीं। इसके अलावा 29 मई को थाना सुरसा क्षेत्र में बस शेल्टर से सोलर पैनल और बैटरियां तथा 24 अप्रैल को थाना संडीला क्षेत्र में बस शेल्टर से सोलर लाइट और बैटरियां चोरी की थीं। इन घटनाओं के संबंध में संबंधित थानों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 10 अदद बैटरियां, 4 अदद सोलर पैनल तथा दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान विभिन्न स्थानों से चोरी किया गया था। आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रामकुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक चन्द्रपाल शर्मा, हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार सहित थाना कछौना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कछौना पुलिस की इस कार्रवाई से बस शेल्टरों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0