उन्नाव: भीम आर्मी ने सौंपा ज्ञापन,निर्माण कार्य रुकवाने व पुलिस पर मिलीभगत का लगाया आरोप
उन्नाव, अचल वार्ता। जनपद की बीघापुर तहसील में भीम आर्मी भारत एकता मिशन के जिला सह-संयोजक आशीष कुमार रावत की अगुवाई में उपजिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि संगठन से जुड़े सुशील कुमार की निजी जमीन पर चल रहे निर्माण कार्य को कुछ दबंग व्यक्तियों द्वारा पुलिस प्रशासन की मदद से बार-बार रुकवाया जा रहा है, जिससे पीड़ित परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान है। ज्ञापन के अनुसार सुशील कुमार निवासी दुंदपुर पोस्ट रुझई थाना बीघापुर, भीम आर्मी भारत एकता मिशन में तहसील महासचिव पद पर कार्यरत हैं। बताया गया कि वह अपनी भूमि पर घर का निर्माण कार्य करा रहे थे, तभी गांव के कुछ दबंग लोग पुलिस प्रशासन को साथ लेकर मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य बंद करा दिया।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि मामले की शिकायत के बाद लेखपाल एवं कानूनगो को मौके पर बुलाकर जमीन की पैमाइश कराई गई। पैमाइश के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से बताया कि जिस भूमि पर निर्माण कार्य हो रहा है वह सुशील कुमार की ही जमीन है। इसके बावजूद विरोधी पक्ष द्वारा दोबारा निर्माण कार्य रुकवा दिया गया। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कानूनगो द्वारा जमीन सही पाए जाने के बाद भी कुछ दबंग लोग लगातार निर्माण कार्य में बाधा डाल रहे हैं।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि विरोधी पक्ष को पुलिस का संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण बार-बार निर्माण कार्य रुकवाया जा रहा है। भीम आर्मी भारत एकता मिशन के पदाधिकारियों ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से सुशील कुमार एवं उनका परिवार काफी परेशान है और उन्हें लगातार मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की है।
ज्ञापन में मांग की गई कि सुशील कुमार के घर का निर्माण कार्य पुलिस सुरक्षा में तत्काल दोबारा शुरू कराया जाए। साथ ही निर्माण कार्य रुकवाने वाले दबंग व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त मामले में लापरवाही बरतने वाले संबंधित पुलिस कर्मियों एवं अधिकारियों की जांच कर कार्रवाई करने की मांग भी की गई।
संगठन ने पीड़ित परिवार को निर्माण कार्य पूरा होने तक सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके। भीम आर्मी पदाधिकारियों ने प्रशासन से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए न्यायोचित कार्रवाई करने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपे जाने के दौरान आशीष कुमार जिला सहसंयोजक, ललित कुमार बीघापुर तहसील प्रभारी, राजकुमार ब्लॉक अध्यक्ष बीघापुर, राजा धानुक तहसील अध्यक्ष बीघापुर, मोनू रावत पूर्व जिला सचिव, मुकेश लोधी जिला सचिव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0