मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर भौनीखेड़ा में अधिकारियों ने किया संयुक्त निरीक्षण
उन्नाव, अचल वार्ता। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के जनपद उन्नाव में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया। मंगलवार को कार्यक्रम स्थल भौनीखेड़ा (थाना कोतवाली सदर) में संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी घनश्याम मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी कृति राज, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह तथा अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी शैलेन्द्र लाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता एवं चिकित्सा सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए समुचित कार्ययोजना के अनुसार प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं तथा तैयारियों की लगातार निगरानी की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0