भारत पर्व 2026 का समापन आज, लाल किले पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन होंगे मुख्य अतिथि
भारत पर्व 2026 का भव्य समापन समारोह 31 जनवरी को लाल किले पर आयोजित होगा। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि होंगे। जानिए कार्यक्रम की पूरी जानकारी।
नई दिल्ली, अचल वार्ता।
गणतंत्र दिवस समारोह के अंतर्गत पर्यटन मंत्रालय द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले भारत पर्व 2026 का समापन समारोह शनिवार, 31 जनवरी को दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के सामने स्थित लॉन और ज्ञानपथ पर आयोजित किया जाएगा। समापन कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। यह समारोह शाम 5:30 बजे से प्रारंभ होगा।
पर्यटन मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को जारी आधिकारिक बयान में बताया गया कि भारत पर्व का आयोजन हर वर्ष 26 जनवरी से 31 जनवरी तक किया जाता है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य देश की समृद्ध सांस्कृतिक, रचनात्मक और कलात्मक विरासत को एक ही मंच पर प्रस्तुत करना है, ताकि आम नागरिक भारत की विविधताओं को नजदीक से देख और महसूस कर सकें।
भारत पर्व 2026 के दौरान गणतंत्र दिवस परेड में प्रदर्शित की गई आकर्षक झांकियों को आम जनता के लिए प्रदर्शित किया गया, जिन्हें दर्शकों से भरपूर सराहना मिली। इसके साथ ही सशस्त्र बलों के बैंडों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत संगीतमय प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने माहौल को राष्ट्रभक्ति से भर दिया।
उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्रों, विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों तथा दिल्ली के सांस्कृतिक समूहों ने लोकनृत्य, लोकसंगीत और पारंपरिक कला रूपों के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विविधता को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
भारत पर्व केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें लोगों की सक्रिय भागीदारी के लिए स्टूडियो किचन सत्र, नुक्कड़ नाटक और डू-इट-योरसेल्फ कार्यशालाएं भी आयोजित की गईं। इन गतिविधियों में बच्चों, युवाओं और परिवारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
पर्यटन मंत्रालय के अनुसार, भारत पर्व शनिवार को दोपहर 12:00 बजे से रात 9:00 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। समापन समारोह के साथ ही भारत पर्व 2026 का औपचारिक समापन होगा, जो “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को मजबूती देने वाला एक यादगार सांस्कृतिक उत्सव बनकर उभरा है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0