हरदोई में सुनार से लाखों की लूट, खुलासे को पुलिस की चार टीमें गठित

Jun 18, 2026 - 12:19
Jun 18, 2026 - 14:37
 0  12
हरदोई में सुनार से लाखों की लूट, खुलासे को पुलिस की चार टीमें गठित

हरदोई, अचल वार्ता। जनपद के थाना कासिमपुर क्षेत्र में एक सुनार से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बदमाशों ने सुनार के साथ मारपीट कर आभूषणों से भरा थैला छीन लिया और फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें गठित कर दी गई हैं।

पुलिस के अनुसार, थाना कासिमपुर क्षेत्र के ग्राम हसनापुर निवासी मो. नसीम पुत्र नसीर घुघेरा चौराहे पर सोने-चांदी की दुकान संचालित करते हैं। बुधवार शाम करीब सात बजे वह दुकान बंद कर अपने घर लौट रहे थे। जब वह जमुनिया बाग और रसूलपुर के बीच पहुंचे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।

बताया गया है कि बदमाशों ने नसीम के साथ मारपीट और छीनाझपटी करते हुए उनका थैला छीन लिया। थैले में करीब दो किलोग्राम चांदी, लगभग 100 ग्राम सोने के आभूषण तथा एक मोबाइल फोन रखा था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी के नेतृत्व में चार विशेष टीमों का गठन किया गया है, जिन्हें घटना के शीघ्र अनावरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने भी मौके का निरीक्षण किया तथा पीड़ित से वार्ता कर पूरी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घटना के सफल अनावरण एवं आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कासिमपुर क्षेत्र में हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने व्यापारियों और सर्राफा कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और व्यापारी वर्ग पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग कर रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0