गोहाना। कांग्रेस के पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री जगबीर मलिक ने बीजेपी सरकार पर महंगाई, पानी-सीवरेज शुल्क और विकास कार्यों को लेकर निशाना साधा। अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में मलिक ने आरोप लगाया कि सरकार में गरीबों को मिलने वाली सुविधाएं कम हुई हैं और आम आदमी पर महंगाई का बोझ बढ़ रहा है।
उन्होंने गोहाना में खानपुर रोड, जींद रोड से महम रोड और मेडिकल कॉलेज जाने वाली सड़क की बदहाली का मुद्दा उठाया। मलिक ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय, रेलवे लाइन, फ्लाईओवर और अस्पताल जैसे बड़े प्रोजेक्ट हुए, जबकि मौजूदा सरकार विकास कार्यों का हिसाब नहीं दे पा रही।
मलिक ने पानी-सीवरेज शुल्क और हाउस टैक्स में बढ़ोतरी वापस लेने की मांग की। चीनी के बढ़ते दामों पर उन्होंने एथनॉल नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसका लाभ किसानों से अधिक शुगर मिल मालिकों को मिल रहा है।
सांसद दीपेंद्र हुड्डा के बयान पर मलिक ने उनका बचाव करते हुए कहा कि बयान को मीडिया में अलग तरीके से पेश किया गया।