अम्बेडकर नगर: पीएचडी की उपाधि हासिल कर धर्मेन्द्र राजभर ने बढ़ाया क्षेत्र का मान
रसायन विज्ञान में शोध कार्य पूर्ण कर हासिल की डॉक्टरेट की उपाधि, क्षेत्र में खुशी की लहर, बधाइयों का तांता
अम्बेडकरनगर, अचल वार्ता। विकासखंड बसखारी अंतर्गत ग्राम पंचायत बसहिया निवासी धर्मेन्द्र राजभर पुत्र सभाजीत ने शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। धर्मेन्द्र राजभर ने डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या से प्रोफेसर डॉ. आशुतोष के निर्देशन में रसायन विज्ञान के क्षेत्र में शोध कार्य पूर्ण कर पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। धर्मेन्द्र की इस उपलब्धि से परिवार सहित क्षेत्र में खुशी का माहौल है और उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
उनकी सफलता इस कहावत को चरितार्थ करती है— कदम चूम लेती है बढ़कर मंजिल, मुसाफिर अगर हिम्मत न हारे। प्रतिभा के धनी धर्मेन्द्र राजभर ने अपनी मेहनत, लगन, दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास के बल पर इससे पहले भी रसायन विज्ञान विषय में छह बार CSIR-NET तथा दो बार IIT-GATE की परीक्षा में सफलता हासिल की है। अब पीएचडी की उपाधि हासिल कर उन्होंने अपनी शैक्षिक यात्रा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जोड़ दी है।
धर्मेन्द्र राजभर ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं गुरुजनों को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और आशीर्वाद के बिना यह मुकाम हासिल करना संभव नहीं था।
धर्मेन्द्र की यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र के उन युवाओं के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है, जो उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देखते हैं। उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं में भी उत्साह का माहौल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0