लखीमपुर खीरी : दरवाजे पर खेल रही मासूम को ट्रैक्टर ने कुचला, चालक फरार
लखीमपुर खीरी , अचल वार्ता। जनपद के नीमगांव क्षेत्र के बिलहरी गांव में रविवार दोपहर करीब तीन बजे एक हृदयविदारक हादसे में दो वर्षीय मासूम अवनी की ट्रैक्टर की चपेट में आकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिलहरी गांव निवासी दीनदयाल की पुत्री अवनी घर के बाहर दरवाजे पर खेल रही थी। खेलते-खेलते वह अचानक सड़क की ओर बढ़ गई। इसी दौरान गांव की सड़क से गुजर रहे एक ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर का पहिया बच्ची के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद चालक ट्रैक्टर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सिकंदराबाद चौकी प्रभारी बृजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
मौके पर पहुंचे थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार गौतम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह लापरवाही का मामला प्रतीत हो रहा है। फरार चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक गांव का ही निवासी बताया जा रहा है।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। मासूम की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने आरोपी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0