गुजीदेई में जलभराव से घिरा ट्रांसफार्मर एक सप्ताह में ऊंची जगह होगा शिफ्ट, जेई ने निरीक्षण कर दिया आश्वासन
हरदोई , अचल वार्ता। पाली उपकेंद्र के परेली फीडर अंतर्गत गुजीदेई गांव के पश्चिमी मोहल्ले में गड्ढे में लगा बिजली ट्रांसफार्मर जलभराव से घिर गया है। चारों ओर पानी भरा होने के कारण ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने पर लाइनमैन को मरम्मत कार्य करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। पानी में खड़े ट्रांसफार्मर से करंट उतरने की आशंका के चलते ग्रामीणों में भी हादसे का भय बना हुआ था।ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। ट्रांसफार्मर के आसपास पानी जमा होने से बच्चों और पशुओं के वहां पहुंचने का खतरा भी बना रहता है। वहीं, बिजली आपूर्ति बाधित होने पर तकनीकी खराबी दूर करने के लिए कर्मचारियों को पानी के बीच से होकर ट्रांसफार्मर तक पहुंचना पड़ता है। समस्या को लेकर ग्रामीणों ने बिजली विभाग से ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराने की मांग की थी। अचल वार्ता ने इस जनसमस्या को दिनांक 11अगस्त को प्रमुखता से उठाया।समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद बिजली विभाग ने इसका संज्ञान लिया। शनिवार को अवर अभियंता सुखपाल ने गुजीदेई पहुंचकर ट्रांसफार्मर की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से जानकारी लेने के बाद मौके की स्थिति देखी और तत्काल प्रभाव से ट्रांसफार्मर को गड्ढे से हटाकर ऊंची जगह पर शिफ्ट कराने का आश्वासन दिया। अवर अभियंता ने बताया कि ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने का कार्य एक सप्ताह के भीतर करा दिया जाएगा।अवर अभियंता के निरीक्षण और आश्वासन के बाद ग्रामीणों को समस्या के शीघ्र समाधान की उम्मीद जगी है। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से समय से बिजली बिल जमा करने की भी अपील की। अब देखना होगा कि विभाग द्वारा तय समयसीमा में ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर जलभराव की समस्या से ग्रामीणों को राहत मिल पाती है या नहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0