सुल्तानपुर : तालाब में डूबने से कक्षा 9 की छात्रा की मौत, रविवार शाम से थी लापता

Sep 9, 2025 - 22:37
Oct 22, 2025 - 22:18
 0  24
सुल्तानपुर : तालाब में डूबने से कक्षा 9 की छात्रा की मौत, रविवार शाम से थी लापता
  • कटघरा पट्टी गांव की 16 वर्षीय अर्चना का शव सोमवार सुबह तालाब में मिला, गांव में छाया मातम

दोस्तपुर/सुलतानपुर। दोस्तपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कटघरा पट्टी गांव में सोमवार सुबह एक 16 वर्षीय छात्रा अर्चना की तालाब में डूबने से मौत हो गई। किशोरी रविवार की शाम से लापता थी, और सोमवार सुबह गांव के पास स्थित तालाब में उसका शव उतराता मिला। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतका की पहचान अर्चना पुत्री बरसातू के रूप में हुई है, जो कक्षा 9 की छात्रा थी। वह दो भाइयों और छह बहनों में तीसरे नंबर पर थी।

  परिजनों के अनुसार, अर्चना रविवार की शाम रोज की तरह तालाब की ओर गई थी, लेकिन देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी, तो घरवालों की चिंता बढ़ गई। रातभर परिजनों और गांववालों ने गांव, खेत-खलिहान, और रिश्तेदारों के यहाँ उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।सोमवार सुबह गांववालों ने तालाब में शव को तैरता देखा, जिसकी पहचान अर्चना के रूप में हुई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनिरुद्ध सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

गांव वालों के मुताबिक, अर्चना एक होनहार और मिलनसार स्वभाव की लड़की थी। उसकी अचानक और असमय मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। परिवार में कोहराम मचा है और माता-पिता सहित सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 1
Wow Wow 0