साइना नेहवाल ने लिया संन्यास, विराट कोहली और पीवी सिंधु ने दी बधाई

भारतीय बैडमिंटन की दिग्गज साइना नेहवाल ने इंजरी के चलते संन्यास का ऐलान किया, विराट कोहली, पीवी सिंधु और युवराज सिंह ने उनके शानदार करियर की सराहना की।

Jan 24, 2026 - 19:56
Jan 26, 2026 - 22:13
 0  2
साइना नेहवाल ने लिया संन्यास, विराट कोहली और पीवी सिंधु ने दी बधाई

नई दिल्ली, अचल वार्ता। भारतीय बैडमिंटन की दिग्गज खिलाड़ी और ओलंपिक पदक विजेता साइना नेहवाल ने अपने लंबे और गौरवशाली करियर को अलविदा कह दिया है। साइना के संन्यास की घोषणा के बाद भारतीय खेल जगत में भावनात्मक प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। क्रिकेट और बैडमिंटन जगत के कई दिग्गज खिलाड़ियों ने उन्हें शानदार करियर के लिए बधाई दी है।

विराट कोहली ने कहा – भारत को आप पर गर्व है

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने सोशल मीडिया पर लिखा,“साइना नेहवाल, आपके शानदार करियर के लिए बधाई। आपने भारतीय बैडमिंटन को दुनिया भर में पहचान दिलाई। आपको एक खुशहाल, संतोषजनक और शानदार संन्यास की शुभकामनाएं। भारत को आप पर गर्व है।”

पीवी सिंधु और युवराज सिंह की भावुक प्रतिक्रिया

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने लिखा,“साइना, आपको संन्यास की शुभकामनाएं। इंडियन बैडमिंटन में आपने जो योगदान दिया है, उसके लिए धन्यवाद। जिंदगी के अगले पड़ाव के लिए शांति, खुशी और ढेर सारी शुभकामनाएं।”

वहीं, पूर्व दिग्गज क्रिकेटर युवराज सिंह ने कहा,

“बहुत बढ़िया खेला, साइना। शानदार करियर के लिए बधाई। आपने भारतीय बैडमिंटन को आगे बढ़ाया और एक पूरी पीढ़ी को प्रेरित किया।”

इंजरी बनी संन्यास की बड़ी वजह

साइना नेहवाल ने अपने संन्यास की वजह घुटनों की गंभीर समस्या और आर्थराइटिस को बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही इंजरी के कारण अब उच्च स्तर की ट्रेनिंग और प्रतिस्पर्धा जारी रखना संभव नहीं रह गया था।

साइना के शब्दों में,

“दुनिया में बेस्ट बनने के लिए 8–9 घंटे ट्रेनिंग करनी होती है। लेकिन मेरे घुटने अब एक-दो घंटे में ही जवाब देने लगे थे। सूजन आ जाती थी और फिर आगे जोर लगाना बहुत मुश्किल हो जाता था। इसलिए मुझे लगा कि अब बहुत हो गया।”

ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा साइना का करियर

साइना नेहवाल भारतीय बैडमिंटन की पहली खिलाड़ी हैं जिन्होंने ओलंपिक में पदक जीता। उन्होंने 2012 लंदन ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा।

इसके अलावा—

  • 2008 में जूनियर वर्ल्ड चैंपियन बनीं
  • 2009 में इंडोनेशिया ओपन जीता
  • 2015 में बनीं दुनिया की नंबर 1 खिलाड़ी

BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी

सम्मानों से सजी रही यात्रा

भारतीय बैडमिंटन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने वाली साइना नेहवाल को पद्मश्री, पद्मभूषण, खेल रत्न और अर्जुन अवॉर्ड जैसे कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है।उनका योगदान भारतीय खेल इतिहास में हमेशा स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0