पीलीभीत : शारदा का जलस्तर बढ़ने पेंटून पुल पर खतरा—रात में सफर से बचें
पीलीभीत, अचल वार्ता। थाना हजारा क्षेत्र के धनाराघाट स्थित शारदा नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने से स्थानीय प्रशासन सतर्क हो गया है। लगातार बढ़ते जलस्तर के चलते नदी किनारे बसे गांवों में हलचल बढ़ गई है, हालांकि राहत की बात यह है कि पेंटून पुल पर अभी भी आवागमन जारी है। शुक्रवार को पेंटून पुल पर तैनात मुंशी बबलू माझी ने राहगीरों और स्थानीय लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि रात्रि के समय इस मार्ग से यात्रा करने से बचें, क्योंकि इस दौरान खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
उन्होंने बताया कि रात में जंगल से जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ जाती है, जिससे राहगीरों की सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है। इसके अलावा, नदी का बढ़ता जलस्तर भी रात में आवागमन को और अधिक जोखिम भरा बना देता है। अंधेरे के कारण जलस्तर का सही आकलन नहीं हो पाता, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।ऐसे में प्रशासन और पुलिस विभाग दोनों ही लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही दिन के समय पेंटून पुल का उपयोग करें और अनावश्यक जोखिम लेने से बचें। साथ ही ग्रामीणों को नदी के किनारे जाने से भी मना किया गया है। प्रशासन द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाने की बात कही गई है।
अधिकारियों का कहना है कि यदि जलस्तर में और वृद्धि होती है, तो पेंटून पुल पर आवागमन को अस्थायी रूप से रोका भी जा सकता है।फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन प्रशासन किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए पूरी तरह सतर्क है और लोगों से सहयोग की अपील कर रहा है।
- शैलेन्द्र शर्मा
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0