लखीमपुर खीरी: दुर्लभ रेड सैंड बोआ का रेस्क्यू
कुकरा/खीरी, अचल वार्ता । पलिया नगर के अजीत नगर मोहल्ले में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक घर के परिसर में दुर्लभ प्रजाति का रेड सैंड बोआ (दोमुंहा सांप) दिखाई दिया। सांप की सूचना फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और उसे देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घर के सदस्यों ने जैसे ही सांप को देखा, भय के कारण उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में स्थानीय सर्प रेस्क्यूअर नाजरुन निशा को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सांप का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सांप घर के एक कोने में छिपा बैठा था। शुरुआत में लोगों ने उसे सामान्य सांप समझा, लेकिन करीब से देखने पर पता चला कि वह बेहद दुर्लभ रेड सैंड बोआ है, जिसे आम भाषा में दोमुंहा सांप कहा जाता है। यह जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया और मौके पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। रेस्क्यूअर नाजरुन निशा ने बताया कि रेड सैंड बोआ एक विषहीन लेकिन अत्यंत दुर्लभ और संरक्षित प्रजाति का सांप है। अंधविश्वास और गलत धारणाओं के कारण इसकी अवैध तस्करी भी होती रही है, जिससे इस प्रजाति का अस्तित्व खतरे में पड़ता है। उन्होंने कहा कि यह सांप इंसानों के लिए खतरनाक नहीं होता, लेकिन लोग जानकारी के अभाव में डर जाते हैं। रेस्क्यू अभियान के दौरान नाजरुन निशा ने स्थानीय लोगों को वन्यजीव संरक्षण और सांपों के महत्व के बारे में जागरूक भी किया।
उन्होंने अपील की कि कहीं भी सांप दिखाई देने पर उसे मारने या नुकसान पहुंचाने के बजाय तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें। रेस्क्यू के बाद दुर्लभ सांप को वन विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया। इस साहसिक अभियान की क्षेत्रवासियों ने जमकर सराहना की और नाजरुन निशा की वन्यजीव संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को सलाम किया।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0