राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 2 फरवरी से 6 दिवसीय ओडिशा दौरे पर, कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 2 फरवरी से 6 दिवसीय ओडिशा दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह मयूरभंज, बालासोर और भुवनेश्वर में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, दीक्षांत समारोह और धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होंगी।

Jan 23, 2026 - 22:39
Jan 26, 2026 - 22:13
 0  2
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 2 फरवरी से 6 दिवसीय ओडिशा दौरे पर, कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन

नई दिल्ली, अचल वार्ता।          राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो फरवरी से छह दिवसीय ओडिशा दौरे पर जा रही हैं। इस दौरान वह अपने गृह राज्य ओडिशा में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी और विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगी।     

   राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू दो फरवरी की शाम को भुवनेश्वर पहुंचेंगी और लोक भवन में रात्रि विश्राम करेंगी। तीन फरवरी को वह सुबह जाजपुर जिले में स्थित मां बिरजा मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद वह बालासोर पहुंचकर फकीर मोहन विश्वविद्यालय के 12वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। शाम को वह पुरी स्थित विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर में दर्शन करेंगी।     

  चार फरवरी को राष्ट्रपति अपने गृह जिले मयूरभंज का दौरा करेंगी। इस दौरान वह रायरंगपुर के महुलदिहा में एक हॉलिडे होम का उद्घाटन करेंगी। इसके साथ ही वह अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास विभाग द्वारा संचालित कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण करेंगी। राष्ट्रपति भंजबीर सुनाराम सोरेन की प्रतिमा का अनावरण करेंगी और बैदपुर में एक खेल परिसर का उद्घाटन भी करेंगी।

  इसके अलावा रायरंगपुर क्षेत्र में कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखने के साथ-साथ कुछ परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा।पांच फरवरी को राष्ट्रपति मुर्मू रायरंगपुर के जगन्नाथ मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी और इसके बाद सिमिलिपाल राष्ट्रीय उद्यान का दौरा करेंगी। छह फरवरी को वह महिलाओं और आदिवासी युवा समूहों के साथ संवाद करेंगी तथा बाद में भुवनेश्वर में आयोजित एक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगी।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सात फरवरी की सुबह भुवनेश्वर से छत्तीसगढ़ के लिए रवाना होंगी।                                                                                           

                                

 

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0