अंबेडकर नगर: जेई के बैंक खाते से डेढ़ लाख रुपये उड़ाए, धोखाधड़ी का मामला उजागर
अचल वार्ता,अंबेडकरनगर। बैंक ऑफ इंडिया की पेटी में जमा किए गए चेक को जालसाजों ने हासिल कर जेई के खाते से डेढ़ लाख रुपये निकाल लिए। यह रकम नेट बैंकिंग के माध्यम से दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर कर ली गई। जांच में पता चला कि धनराशि पंजाब प्रांत के एक बैंक खाते में पहुंची है।
जानकारी के अनुसार अकबरपुर के तंमसा मार्ग निवासी जेई घनश्याम मौर्य ने बैंक ऑफ इंडिया, अकबरपुर शाखा में खाता खुलवा रखा है। उन्होंने 30 अगस्त को स्टेट बैंक का 75 हजार रुपये का चेक और बैंक ऑफ इंडिया शाखा का एक लाख रुपये का चेक पेटी में डालकर जमा किया था। अगले दिन सुबह घनश्याम को मोबाइल पर रुपये मिलने का मैसेज आया, जिससे वे परेशान हो गए।
बैंक शाखा से संपर्क करने पर पता चला कि जालसाजों ने चेक हासिल कर उन्हें ओवरराइटिंग के जरिए बदल डाला और नेट बैंकिंग के माध्यम से राशि को अन्य खाते में स्थानांतरित कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में तीन लोगों को संदिग्ध रूप से बैंक में दाखिल होते और बाहर निकलते देखा गया है।पुलिस अधीक्षक के आदेश पर अकबरपुर कोतवाली में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब पंजाब प्रांत के उस बैंक खाते की तहकीकात कर रही है, जिसमें पूरी रकम भेजी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0