अम्बेडकर नगर: अंशकालिक अनुदेशकों का मानदेय ₹9 हजार से बढ़कर ₹17 हजार, जनपद के 280 अनुदेशक हुए लाभान्वित

May 17, 2026 - 21:07
 0  35
अम्बेडकर नगर: अंशकालिक अनुदेशकों का मानदेय ₹9 हजार से बढ़कर ₹17 हजार, जनपद के 280 अनुदेशक हुए लाभान्वित
  • कलेक्ट्रेट सभागार में सम्मान समारोह आयोजित, जनप्रतिनिधियों ने वितरित किए प्रतीकात्मक चेक

अम्बेडकरनगर, अचल वार्ता। बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि किए जाने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में “अंशकालिक अनुदेशक सम्मान समारोह” आयोजित किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण माननीय मुख्यमंत्री के संबोधन के साथ किया गया, जिसमें जनपद के 280 अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय का लाभ मिलने पर सम्मानित किया गया। 

  कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य हरिओम पाण्डेय, विधायक कटेहरी धर्मराज निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार पटेल उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों द्वारा अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय के प्रतीकात्मक चेक वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एमएलसी हरिओम पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा अंशकालिक अनुदेशकों का मानदेय ₹9000 से बढ़ाकर ₹17000 किया जाना सरकार की संवेदनशीलता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि अनुदेशक शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत अहम है।

  विधायक धर्मराज निषाद एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा क्षेत्र में लगातार सकारात्मक और ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। उन्होंने कहा कि अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि से उनका आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण होगा, जिसका सीधा लाभ शिक्षा व्यवस्था को मिलेगा।

  जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने अनुदेशकों को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का यह निर्णय उनके मनोबल को नई ऊर्जा देगा। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों के “लर्निंग आउटकम” में सुधार लाने तथा आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का उपयोग कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का आह्वान किया। प्रदेश सरकार के इस निर्णय से पूरे उत्तर प्रदेश के 24,717 अंशकालिक अनुदेशक लाभान्वित हुए हैं, जिनमें अम्बेडकरनगर जनपद के 280 अनुदेशक शामिल हैं।

  कार्यक्रम के अंत में अनुदेशकों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन और अधिक समर्पण एवं ऊर्जा के साथ करने का संकल्प लिया।

- अमित प्रजापति 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0