हरदोई में भरोसे का कत्ल: इलाज के बहाने पत्नी को जंगल ले गया पति, गला दबाकर हत्या

Aug 17, 2026 - 18:16
Aug 17, 2026 - 19:24
 0  1
हरदोई में भरोसे का कत्ल: इलाज के बहाने पत्नी को जंगल ले गया पति, गला दबाकर हत्या
हरदोई में भरोसे का कत्ल: इलाज के बहाने पत्नी को जंगल ले गया पति, गला दबाकर हत्या

हरदोई, अचल वार्ता। पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात में घायल पत्नी को बेहतर इलाज का भरोसा देकर पति जंगल ले गया और उसकी हत्या कर दी। मंगोलापुर के जंगल में मिले महिला के शव पर 14 गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी पति सत्यपाल यादव और उसके भाई सत्यप्रकाश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

लखनऊ के नाका कोतवाली क्षेत्र के बिरहाना निवासी 36 वर्षीय कोमल की करीब 17 वर्ष पहले हरदोई देहात कोतवाली क्षेत्र के कनेहटा निवासी सत्यपाल से शादी हुई थी। दोनों के चार बच्चे हैं। परिजनों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से दंपती के संबंध तनावपूर्ण थे। आरोप है कि पति के एक अन्य महिला से संबंध थे, जिसको लेकर दोनों में विवाद होता था। इसी से परेशान होकर कोमल अपने छोटे बच्चे के साथ संडीला में रहने लगी थी।

बताया गया कि बृहस्पतिवार शाम कोमल अपने बड़े बेटे के बुलाने पर लालपालपुर चौराहा पहुंची थी। वहां पति से कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। लोगों ने बीच-बचाव कर घायल कोमल को सौ शैय्या अस्पताल पहुंचाया। देर रात सत्यपाल अपने भाई के साथ अस्पताल पहुंचा और बेहतर इलाज कराने की बात कहकर उसे साथ ले गया।

आरोप है कि दोनों उसे अस्पताल के बजाय मंगोलापुर के जंगल में ले गए। वहां धारदार या भारी वस्तु से हमला करने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई और शव झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।

शनिवार सुबह चौकीदार ने जंगल में शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। क्षेत्राधिकारी नगर अजीत चौहान, देहात कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान मृतका की पहचान कोमल के रूप में हुई। पुलिस ने अस्पताल के रिकॉर्ड और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ते हुए पति व उसके भाई को हिरासत में लिया है। पुलिस दोनों की भूमिका, हत्या के कारण और वारदात में प्रयुक्त हथियार की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0