मन की बात 130वां एपिसोड: जागरूक मतदाता से मजबूत लोकतंत्र, स्टार्टअप इंडिया पर बोले पीएम मोदी
मन की बात के 130वें एपिसोड में पीएम मोदी ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर युवाओं से मतदान की अपील की, स्टार्टअप इंडिया, जनभागीदारी और भारतीय संस्कृति पर दिया संदेश,
नई दिल्ली, अचल वार्ता।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 130वें एपिसोड में देशवासियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मतदाता लोकतंत्र की आत्मा होते हैं और एक मजबूत लोकतंत्र की नींव जागरूक मतदाताओं पर टिकी होती है। उन्होंने युवाओं को मतदान के लिए प्रेरित करने का अनोखा सुझाव भी दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिस तरह जन्मदिन मनाया जाता है, उसी तरह जब कोई युवा पहली बार वोटर बने तो पूरे मोहल्ले, गांव या शहर में उसे बधाई दी जानी चाहिए और मिठाई बांटी जानी चाहिए। इससे मतदान के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना और मजबूत होगी।
2016 की तस्वीरों के ट्रेंड पर बोले पीएम, भारत ने 10 साल में की बड़ी छलांग
मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर चल रहे 2016 की तस्वीरें साझा करने के ट्रेंड का जिक्र करते हुए कहा कि बीते 10 वर्षों में भारत ने हर क्षेत्र में बड़े बदलाव देखे हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है, जहां ऐसे-ऐसे स्टार्टअप सामने आए हैं, जिनकी कल्पना 10 साल पहले मुश्किल थी।
पीएम मोदी ने स्टार्टअप से जुड़े युवाओं को सलाम करते हुए कहा कि युवाओं की सोच, नवाचार और मेहनत भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है।
AI से लेकर ग्रीन हाइड्रोजन तक भारतीय स्टार्टअप सक्रिय
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्पेस, न्यूक्लियर एनर्जी, सेमीकंडक्टर, मोबिलिटी, ग्रीन हाइड्रोजन और बायोटेक्नोलॉजी जैसे हर प्रमुख सेक्टर में भारतीय स्टार्टअप सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने ‘क्वालिटी’ पर जोर देते हुए कहा कि इंडियन प्रोडक्ट का मतलब हमेशा उच्च गुणवत्ता होना चाहिए और इसमें किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
तमसा नदी बनी जनभागीदारी की मिसाल
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में जनभागीदारी के प्रेरक उदाहरण भी साझा किए। उन्होंने उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ की तमसा नदी का जिक्र करते हुए कहा कि लोगों ने सामूहिक प्रयास से नदी को नया जीवन दिया। वहीं आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में सूखे से जूझ रहे क्षेत्र में जनसहयोग से 10 से अधिक जलाशयों का पुनर्जीवन किया गया और 7,000 से ज्यादा पेड़ लगाए गए।
विदेशों में भी फैल रही भारतीय संस्कृति
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारतीय संस्कृति और त्योहारों की पहचान आज पूरी दुनिया में बन रही है। उन्होंने मलेशिया के तमिल स्कूलों, गुजरात के बेचराजी स्थित चंदनकी गांव के कम्यूनिटी किचन, तथा अरुणाचल प्रदेश और असम में युवाओं द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियानों की सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि जनभागीदारी और सामूहिकता ही भारत की सबसे बड़ी ताकत है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0