देवरिया में एचपीवी टीकाकरण के लिए छात्राओं को किया गया जागरूक
देवरिया में कस्तूरबा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में एचपीवी टीकाकरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव और निःशुल्क टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी गई।
देवरिया, अचल वार्ता। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में गुरुवार को कस्तूरबा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, देवरिया में सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय के मुंह का कैंसर) से बचाव हेतु एचपीवी टीकाकरण के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में एचपीवी वैक्सीन के प्रति छात्राओं को जागरूक किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. विपिन रंजन ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे बड़ा कैंसर है, जबकि समय रहते एचपीवी टीकाकरण के माध्यम से इससे प्रभावी बचाव संभव है।
उन्होंने बताया कि यह टीका उन्हीं बालिकाओं को लगाया जाएगा जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली हो तथा 15 वर्ष की आयु पूर्ण न की हो। उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन पूर्णतः सुरक्षित एवं प्रभावी टीका है तथा इसके एक डोज से लगभग 85 प्रतिशत से अधिक बालिकाओं को गर्भाशय के मुंह के कैंसर से बचाया जा सकता है। सरकार द्वारा यह टीकाकरण पूर्णतः निःशुल्क कराया जा रहा है।
डॉ. रंजन ने बताया कि विशेष अभियान के तहत माह अप्रैल , मई और जून तक मेडिकल कॉलेज देवरिया के टीकाकरण केंद्र एवं जनपद के सभी प्राथमिक / सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रतिदिन एचपीवी टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों एवं छात्राओं से अपील की कि निर्धारित आयु वर्ग की बालिकाएं आधार कार्ड के साथ निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर निःशुल्क टीकाकरण अवश्य कराएं ।जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय की वाइस प्रिंसिपल शिवानी वर्मा द्वारा भी छात्राओं को टीकाकरण के प्रति प्रेरित किया गया।
उन्होंने कहा कि इस आयु वर्ग की सभी बालिकाओं को यह टीका अवश्य लगवाना चाहिए, जिससे वे सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से स्वयं को सुरक्षित रख सकें। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी एलबी चौधरी ने छात्राओं को स्वास्थ्य के महत्व के विषय में जानकारी देते हुए कहा कि “एक स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है।” उन्होंने सभी छात्राओं से आह्वान किया कि बीमारियों से बचाव हेतु समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं तथा अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव, टीकाकरण के महत्व एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई तथा उन्हें टीकाकरण हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में सहयोगी संस्था जेएसआई के जिला प्रतिनिधि अभिनय कुशवाहा, डॉ निहारिका सहित अन्य लोग मौजूद रहे ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0