देवरिया: आकांक्षात्मक ब्लॉकों के गांवों में नियमित भ्रमण कर समस्याओं का करें समाधान : जिलाधिकारी

Jun 20, 2026 - 08:33
 0  0
देवरिया: आकांक्षात्मक ब्लॉकों के गांवों में नियमित भ्रमण कर समस्याओं का करें समाधान : जिलाधिकारी

देवरिया, अचल वार्ता। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले मे जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जनपद में गौरी बाजार सहित चयनित कुल 05 आकांक्षात्मक ब्लॉकों में निर्धारित संतृप्तीकरण के पैरामीटरों के पूर्णतः क्रियान्वयन के लिये प्रत्येक विकास खण्ड के लिये अधिकारियों की टीम गठित की है तथा सभी टीम सदस्यों को आकांक्षात्मक ब्लॉक के गांवों में जाकर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं, संसाधनों की उपलब्धता आदि की समीक्षा व जायजा लेते हुए उसका समाधान कराये जाने के निर्देश दिए हैं। इसके पूर्व जिलाधिकारी ने गत दिवस टीम सदस्यों का प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित कराया और इन अधिकारियों को गांवों में जाने और समस्याओं व आवश्यकताओं की जानकारी किये जाने के निर्देश दिये थे।

  इसी परिप्रेक्ष्य में जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में आज इन 05 आकांक्षात्मक विकास खण्डों गौरी बाजार, लार, बरहज, भागलपुर एवं बनकटा के टीम सदस्यों से निरीक्षण का फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि नामित सभी अधिकारियों को अनिवार्य रूप से प्रत्येक सप्ताह के मंगलवार एवं बुधवार के दिन अपने क्लस्टर के गांवों में जाना होगा तथा निरीक्षण का उद्देश्य समाधान केन्द्रित व सपोर्टिंग एवं प्रेरित करने वाला हो। सकारात्मक अभिरुचि के साथ निरीक्षण करें। गांव स्तर पर लगे कर्मियों को संतृप्त करें। एक दिन में एक ही गांव में जायें। समस्या ढूंढने के बजाय उसका समाधान सुनिश्चित करें। ग्राम स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण समिति के तहत आयोजित सत्रों में आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करायेंगे। विभिन्न विभागों आईसीडीएस, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य जनहितकारी व जनसुविधाओं से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन एवं उसके समाधान का प्रयास करेंगे।

  जिलाधिकारी ने निर्देशों का अनुपालन नहीं करने तथा निरीक्षण में हीलाहवाली करने वाले टीम सदस्यों को आगाह करते हुए कहा कि उनका वेतन बाधित किये जाने के साथ ही अनुशासनात्मक विधिक कार्यवाही की जायेगी।

 आयोजित इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी ए.के. गुप्ता, जिला विकास अधिकारी एस.के. सिंह, पीडी अनिल कुमार, डीसी एनआरएलएम आलोक कुमार सहित सभी ब्लॉकों के गठित टीम सदस्य आदि उपस्थित रहे।

- भानुप्रताप तिवारी 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0