खबर का असर: प्रधान ने गांव में कराई अलाव की व्यवस्था, ग्रामीणों में खुशी की लहर
बर्फीली हवाओं से बढ़ी ठिठुरन, अलाव जलने से ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत
गोरा, पीलीभीत, अचल वार्ता। लगातार पड़ रही कड़ाके की ठंड और बर्फीली हवाओं से जहां जनजीवन बेहाल है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में अलाव की व्यवस्था न होने से लोगों में नाराजगी बनी हुई थी। थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र की ग्राम पंचायत गौरा में भी यही स्थिति थी, लेकिन समाचार प्रकाशन के बाद इसका असर देखने को मिला। ग्राम प्रधान नूर मोहम्मद ने खबर का संज्ञान लेते हुए गांव में अलाव की व्यवस्था कराई।
प्रधान द्वारा गांव की गलियों और चौराहों पर लकड़ी मंगवाकर अलाव जलवाए गए, जिससे ठंड से जूझ रहे ग्रामीणों को काफी राहत मिली। बीते तीन दिनों से लगातार चल रही बर्फीली हवाओं और धूप न निकलने के कारण लोग ठंड से कांपते नजर आ रहे थे।अलाव की व्यवस्था होने के बाद गांव के बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से ठंड का प्रकोप बढ़ गया था और शाम होते ही चौराहों पर खड़ा होना मुश्किल हो गया था। ऐसे में अलाव जलने से लोगों को ठंड से बचाव मिला।
ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान नूर मोहम्मद की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रधान ही गांव के सच्चे सेवक होते हैं, जो जनता की समस्याओं को समझकर समय पर समाधान कराते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी प्रधान ने गांव के हित में कई सराहनीय कार्य किए हैं और विकास कार्यों में हमेशा आगे रहते हैं।अलाव की व्यवस्था से गांव में खुशी का माहौल है और ग्रामीणों ने प्रधान के इस जनहितकारी कदम के लिए आभार जताया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0