WhatsApp Web यूजर्स को गृह मंत्रालय की चेतावनी, हर बार इस्तेमाल के बाद करें लॉगआउट
नई दिल्ली, अचल वार्ता। WhatsApp Web का इस्तेमाल करने वाले लोगों और संस्थानों के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने साइबर सुरक्षा संबंधी चेतावनी जारी की है। मंत्रालय के अधीन भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) की राष्ट्रीय साइबर अपराध खतरा विश्लेषण इकाई ने आगाह किया है कि कंप्यूटर पर WhatsApp Web का लॉग-इन सत्र खुला छोड़ना उपयोगकर्ताओं के लिए जोखिम पैदा कर सकता है। ऐसे सत्र का दुरुपयोग कर कोई अन्य व्यक्ति निजी संदेश पढ़ सकता है, उपयोगकर्ता की पहचान से संदेश भेज सकता है और धोखाधड़ी की कोशिश कर सकता है।
18 नवंबर को जारी ‘सेफ यूज ऑफ व्हाट्सऐप वेब’ शीर्षक वाली एडवाइजरी में बताया गया है कि कार्यालयों, साझा कंप्यूटरों और सार्वजनिक उपकरणों पर WhatsApp Web का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। यदि किसी व्यक्ति ने कंप्यूटर पर अपना अकाउंट लॉग-इन किया और बाद में केवल ब्राउजर की विंडो या टैब बंद कर दिया, तो जरूरी नहीं कि उसका अकाउंट लॉगआउट भी हो गया हो। ऐसे में सक्रिय सत्र का लाभ उठाकर कोई दूसरा व्यक्ति अकाउंट तक पहुंच सकता है।
एडवाइजरी के अनुसार, सक्रिय लॉग-इन सत्र के जरिए निजी बातचीत, संपर्क सूची और ग्रुप चैट तक अनधिकृत पहुंच बनाई जा सकती है। साइबर अपराधी किसी व्यक्ति के भरोसेमंद अकाउंट का इस्तेमाल करके उसके परिचितों को संदेश भेज सकते हैं और भुगतान, गोपनीय जानकारी या अन्य संवेदनशील विवरण हासिल करने का प्रयास कर सकते हैं। इससे फिशिंग, पहचान की नकल और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का खतरा बढ़ सकता है।
गृह मंत्रालय ने सलाह दी है कि सरकारी, संगठनात्मक, वित्तीय, गोपनीय या अन्य संवेदनशील सूचनाओं का आदान-प्रदान कंप्यूटर पर चल रहे WhatsApp Web सत्र के माध्यम से करने से बचना चाहिए। कार्यालयों और संस्थानों को भी साझा कंप्यूटरों पर इस सेवा के इस्तेमाल को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
उपयोगकर्ताओं को प्रत्येक सत्र के बाद मैन्युअल रूप से लॉगआउट करने, WhatsApp के ‘लिंक्ड डिवाइसेज’ विकल्प में जाकर जुड़े उपकरणों की नियमित जांच करने और अपरिचित या अनावश्यक सत्रों को हटाने की सलाह दी गई है। यदि किसी विश्वसनीय कंप्यूटर पर अस्थायी रूप से WhatsApp Web का इस्तेमाल करना जरूरी हो, तो निजी या इनकॉग्निटो ब्राउजिंग मोड का उपयोग करने और काम पूरा होने के बाद लॉगआउट करने को कहा गया है।
साइबर सुरक्षा एजेंसी ने लोगों से अपने मोबाइल, कंप्यूटर, ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सुरक्षा सॉफ्टवेयर को अपडेट रखने की भी अपील की है। किसी अनजान लिंक, संदिग्ध फाइल या अविश्वसनीय डाउनलोड से बचना भी जरूरी है। एजेंसी का संदेश है कि डिजिटल सुविधा के साथ सुरक्षा की जिम्मेदारी भी उपयोगकर्ता की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0