लखनऊ : यूपी में झमाझम बारिश, 50 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Aug 5, 2026 - 07:33
 0  1
लखनऊ : यूपी में झमाझम बारिश, 50 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
प्रतीकात्मक फोटो

लखनऊ, अचल वार्ता। प्रदेश में सावन की शुरुआत झमाझम बारिश के साथ हुई है। सोमवार देर रात से शुरू हुई बारिश मंगलवार दोपहर तक जारी रही। इस दौरान राजधानी लखनऊ समेत तराई, पूर्वांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मानसून सीजन में पहली बार लखनऊ में 66.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार से शुक्रवार तक राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के करीब 50 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 36 जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात का भी अलर्ट जारी किया गया है।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि लगातार बारिश के कारण लखनऊ के अधिकतम तापमान में करीब सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बारिश के मामले में कन्नौज सबसे आगे रहा, जहां 125 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा बहराइच में 104 मिमी, इटावा में 100 मिमी, अयोध्या में 94.8 मिमी, लखीमपुर खीरी में 81.6 मिमी, कानपुर में 75 मिमी, बाराबंकी में 70 मिमी और जौनपुर में 68.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0