गोहाना , अचल वार्ता । नेलो महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेना चौटाला ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में किसान, कर्मचारी, डॉक्टर, शिक्षक, सरपंच और सफाई कर्मचारी समेत विभिन्न वर्ग अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करने को मजबूर हैं। वह चौधरी देवीलाल की जयंती के कार्यक्रम का निमंत्रण देने के लिए गांव गामड़ी पहुंची थीं।
सुनेना चौटाला ने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय आंदोलनों को दबाने के लिए पुलिस बल और लाठी का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने किसान आंदोलन के साथ युवाओं और सफाई कर्मचारियों के प्रदर्शनों का भी जिक्र किया।
उन्होंने मुख्यमंत्री के कथित बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब मुख्यमंत्री खुद कहते हैं कि वह एक चपरासी तक को नहीं बदल सकते, तो फिर जनता से किए गए बड़े-बड़े वादे कैसे पूरे होंगे। उन्होंने कहा कि जो सरकार लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं कर सकती, उससे जवाब मांगना जरूरी है।
सुनेना चौटाला ने कांग्रेस को भी निशाने पर लेते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस खुद को विपक्ष बताती है, लेकिन कई मुद्दों पर भाजपा के साथ मिली हुई नजर आती है। उन्होंने चुनावी वादों और जीएसटी को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल और ओमप्रकाश चौटाला के कार्यकाल में जनता से प्राप्त टैक्स का पैसा जनकल्याणकारी योजनाओं और गांवों के विकास पर खर्च किया जाता था।