अंतिम छोर और अंतिम व्यक्ति तक समाधान शिविर की पहुंच सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता : एसडीएम अमित भारद्वाज
खरखौदा / सोनीपत , अचल वार्ता । एसडीएम कार्यालय खरखौदा में सोमवार को एसडीएम अमित भारद्वाज की अध्यक्षता में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आमजन की विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम अमित भारद्वाज ने कहा कि समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रशासन की पहुंच समाज के अंतिम छोर और अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना है। प्रत्येक शिकायत आम नागरिक की वास्तविक समस्या से जुड़ी होती है, इसलिए अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशीलता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ उसका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।
समाधान शिविर में पीपली गांव में तालाब में नहर का पानी उपलब्ध करवाने, पानी सप्लाई ऑपरेटर की बदली करवाने एवं मेन लाइन से कनेक्शन जुड़वाने तथा बिजली का बिल प्रत्येक माह उपलब्ध करवाने और लाइनमैन की रात्रि के समय ड्यूटी लगाने संबंधी शिकायतें प्राप्त हुईं। इन सभी शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई के लिए क्रमशः संबंधित बीडीपीओ, एसडीओ पब्लिक हेल्थ तथा एसडीओ यूएचबीवीएन को भेजा गया। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ताओं को वास्तविक राहत प्रदान की जाए।
इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त जोगेंद्र शर्मा, तहसीलदार बिजेंद्र सिंह, बीडीपीओ सुरेंद्र आर्य, नायब तहसीलदार अचिन काल्टा और सहायक अधीक्षक राजेश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0