लखीमपुर खीरी : जहर देकर हत्या का आरोप, 12 दिन बाद बुजुर्ग की मौत

Jun 14, 2026 - 22:18
 0  1
लखीमपुर खीरी : जहर देकर हत्या का आरोप, 12 दिन बाद बुजुर्ग की मौत

लखीमपुर खीरी , अचल वार्ता । थाना फरधान क्षेत्र के ग्राम पिपरिया अंडू में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पुत्र ने अपनी ही पत्नी पर अपने पिता को कथित रूप से खाने में जहर देकर मौत के घाट उतारने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं शिकायत करने के बाद पत्नी और उसके भाई द्वारा पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। पिपरिया अंडू निवासी कुलदीप कुमार मौर्य पुत्र मायाराम मौर्य के अनुसार, 2 जून 2026 की शाम उनकी पत्नी रेखा देवी ने उनके पिता को भोजन दिया। आरोप है कि भोजन करते समय कुछ कौर खाने के बाद उनके पिता को खाने से तेज दुर्गंध महसूस हुई, जिस पर उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने खाना छोड़कर अपने पुत्र को बुलाया। कुलदीप का दावा है कि जब उन्होंने भोजन की जांच की तो उसमें से कीटनाशक जैसी तीखी गंध आ रही थी। पीड़ित के मुताबिक तत्काल इसकी सूचना लीलाकुआं पुलिस चौकी और डायल-112 को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी प्रथम दृष्टया भोजन में किसी जहरीले पदार्थ की आशंका व्यक्त की। उधर, भोजन ग्रहण करने के बाद बुजुर्ग की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। उन्हें जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर किया गया, जहां कई अस्पतालों में उपचार के बाद भी हालत में सुधार नहीं हुआ। करीब 12 दिनों तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद जब उन्हें पुनः लखनऊ ट्रॉमा सेंटर ले जाया जा रहा था, तभी खैराबाद टोल प्लाजा के पास रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पुत्र कुलदीप कुमार का आरोप है कि मामले की शिकायत किए जाने से नाराज उनकी पत्नी और साले द्वारा लगातार फोन कर उन्हें तथा परिवार के अन्य सदस्यों को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। यदि मृतक और उसके परिजनों को भोजन में किसी जहरीले पदार्थ की आशंका थी और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई थी, तो क्या संदिग्ध भोजन के नमूनों को सुरक्षित कर वैज्ञानिक जांच के लिए भेजा गया? आखिर 12 दिनों तक इलाज के दौरान इस गंभीर मामले में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की ओर से क्या कदम उठाए गए? और यदि आरोप सही साबित होते हैं, तो क्या यह एक सुनियोजित हत्या का मामला है? फिलहाल पूरे मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी, लेकिन एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0