ढाबा संचालक नरेंद्र खत्री की गोली मारकर हत्या, सिंघु बॉर्डर पर नेशनल हाईवे-44 जाम

Aug 24, 2026 - 17:06
Aug 24, 2026 - 18:18
 0  3
ढाबा संचालक नरेंद्र खत्री की गोली मारकर हत्या, सिंघु बॉर्डर पर नेशनल हाईवे-44 जाम
ढाबा संचालक नरेंद्र खत्री की गोली मारकर हत्या, सिंघु बॉर्डर पर नेशनल हाईवे-44 जाम
सोनीपत , अचल वार्ता। प्याऊ मनियारी में सोमवार रात मामूली कहासुनी के बाद ढाबा संचालक नरेंद्र खत्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हत्या से गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर सिंघु बॉर्डर के पास नेशनल हाईवे-44 पर जाम लगा दिया।
नरेंद्र खत्री पिछले करीब 10 साल से प्याऊ मनियारी में ढाबा चला रहा था। करीब छह साल पहले उसकी शादी हुई थी और उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। हत्या की सूचना के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं ग्रामीणों में भारी रोष है।
बताया गया है कि वारदात के समय किराये के कमरों के पास करीब 20 से 25 लोग शराब पी रहे थे। इसी दौरान एक युवक स्कूटी पर तेज रफ्तार से वहां से निकला। नरेंद्र खत्री ने उसे इतनी तेज स्कूटी चलाने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने नरेंद्र खत्री पर गोली चला दी। गोली लगने से नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे नरेला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने सिंघु बॉर्डर पर नेशनल हाईवे-44 जाम कर दिया। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन नहीं मिलता, तब तक जाम नहीं खोला जाएगा।
मौके पर पहुंचे डीसीपी नेगा भूषण ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि हत्याकांड के आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। डीसीपी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। इसके बाद नेशनल हाईवे-44 पर यातायात सामान्य हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0