मुरादाबाद : मकान की रजिस्ट्री और लेन देन को लेकर दंपती की हत्या
मुरादाबाद, अचल वार्ता। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के चक्कर की मिलक इलाके में रविवार रात को हुए सनसनीखेज डबल मर्डर से पूरे शहर में हड़कंप मच गया। एक कमरे के मकान की रजिस्ट्री और पैसों के लेनदेन को लेकर चल रहे विवाद में पति-पत्नी की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल हैं।
मृतकों की पहचान राजा और उसकी पत्नी फरहा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों का कुछ परिचित लोगों से एक कमरे के मकान की रजिस्ट्री और बकाया रकम को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपियों ने घर पहुंचकर दंपती पर हमला कर दिया। चाकुओं से किए गए ताबड़तोड़ वार में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर अपने कब्जे में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी मुनिराज जी और एसएसपी सतपाल अंतिल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा जांच-पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी फईम को हिरासत में ले लिया है, जबकि पांच अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0