मुरादाबाद : बिजली के खंभे से टकराते ही कार बनी आग का गोला, बाल-बाल बचे सवार
मुरादाबाद, अचल वार्ता। भोजपुर थाना क्षेत्र के लाइन पार तिगरी में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेज रफ्तार ओमनी कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में कुछ ही देर में आग लग गई और वह धू-धू कर जलने लगी।
गनीमत रही कि आग की लपटों के विकराल होने से पहले ही कार सवारों ने बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार दोपहर करीब 3:50 बजे एक सफेद रंग की ओमनी कार वाजिदपुर तिगरी से महमूदपुर तिगरी की ओर जा रही थी। रास्ते में अचानक चालक कार पर से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे लगे हाई-वोल्टेज बिजली के खंभे से जा भिड़ा।
टक्कर लगते ही खंभा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शॉर्ट सर्किट की वजह से कार के इंजन से आग की लपटें निकलने लगीं। जैसे ही कार में आग लगी, चालक और उसमें सवार अन्य लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बाहर निकल गए। कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग की लपटों में घिर गई और सड़क पर काले धुएं का गुबार छा गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि पास जाना भी मुश्किल हो गया। जिसके बाद कार पूरी तरह जलकर लोहे के ढांचे में तब्दील हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही भोजपुर थाना प्रभारी संजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से रास्ते की आवाजाही रोकी और ग्रामीणों की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0