गोहाना / सोनीपत , अचल वार्ता। गोहाना के एसडीएम अंकित कुमार ने खंड शिक्षा अधिकारियों व सभी संबंधित बैंक अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देश दिए कि बच्चों को सरकार द्वारा दी जा रही छात्रवृत्ति एवं अन्य सुविधाओं का लाभ दिलवाने के लिए उनके बैंक खाते खुलवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने संबंधित बैंक क्षेत्र के स्कूलों में कैंप लगाकर बच्चों के खाते खोलें, ताकि किसी भी बच्चे को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में परेशानी न हो।
एसडीएम अंकित कुमार ने कहा कि बच्चों के खाते शून्य से लेकर 10 रुपये तक की राशि में खुलवाए जा सकते हैं। उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए अधिक से अधिक बच्चों के खाते खुलवाने के लिए विशेष कैंप लगाए जाएं। उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे अपने बच्चों के बैंक खाते खुलवाने के लिए संबंधित स्कूल के अध्यापकों तथा बैंक अधिकारियों का सहयोग करें।
एसडीएम अंकित कुमार ने बताया कि बच्चों का बैंक खाता खुलवाने के लिए आवश्यक दस्तावेजों में बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र, बच्चे की फोटो, आधार कार्ड की फोटो आदि शामिल हैं। वहीं, कुछ बैंकों में 10 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों के खाते खुलवाने के लिए अभिभावक के पैन कार्ड की फोटो सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे जा सकते हैं। अभिभावक सभी जरूरी कागजात समय पर उपलब्ध करवाएं, ताकि खाते खुलवाने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
एसडीएम ने अभिभावकों से अपील की कि वे सरकार द्वारा बच्चों के लिए चलाई जा रही छात्रवृत्ति एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए अपने नजदीकी बैंक में जाकर बच्चों के खाते खुलवाएं। उन्होंने कहा कि बैंक के दिशा-निर्देशों के अनुसार बच्चों के खाते शून्य से लेकर 10 रुपये तक की राशि में खुलवाए जा सकते हैं।
बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी बलजीत गहलावत, पंजाब नेशनल बैंक से ज्योति रंजन, अंकित एवं अनिल कुमार, कोऑपरेटिव बैंक से सुनील कुमार एवं आरसी दलाल, एसबीआई से निशा दुहन एवं रोहतास बीएम शुगर मिल आहुलाना से संबंधित प्रतिनिधि मौजूद रहे।