किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू चढूनी ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

Apr 10, 2026 - 19:57
Apr 10, 2026 - 20:38
 0  1
किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू चढूनी ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

लखीमपुर खीरी , अचल वार्ता । भारतीय किसान यूनियन चढूनी के जिला अध्यक्ष बलकार सिंह के नेतृत्व में किसानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी खीरी तथा एसडीएम गोला के स्टेनो भगवती प्रसाद गुप्ता को सौंपा। ज्ञापन में किसानों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए बताया गया कि बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान से क्षेत्र में गेहूं की तैयार खड़ी फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है, जिससे किसानों के सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया है क्योंकि कृषि ही उनकी आय का मुख्य साधन है। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि बजाज चीनी मिल समूह द्वारा गन्ना किसानों का भुगतान समय से नहीं किया जा रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और अधिक खराब हो रही है तथा बच्चों की पढ़ाई, इलाज और सामाजिक जिम्मेदारियां प्रभावित हो रही हैं। इसके अलावा किसानों ने बताया कि एक ओर प्राकृतिक आपदा से फसलें बर्बाद हो रही हैं, वहीं दूसरी ओर ऋण और बिजली बिल की वसूली लगातार जारी है, जिससे उनकी परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। मंडियों में बिचौलियों और व्यापारियों की मनमानी का मुद्दा उठाते हुए किसानों ने कहा कि मण्डी अधिकारियों की मिलीभगत से किसानों का शोषण किया जा रहा है और उनके गेहूं को उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने मांग की कि क्षतिग्रस्त गेहूं फसल का शीघ्र सर्वे कर उपज के आधार पर मुआवजा दिया जाए, सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद का लक्ष्य बढ़ाया जाए, गन्ना किसानों का बकाया भुगतान तत्काल कराया जाए, ऋण एवं बिजली बिल वसूली में राहत दी जाए, किसानों के ऋण पर लगे ब्याज को माफ किया जाए तथा मंडियों में हो रही अनियमितताओं की एसआईटी जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। किसानों ने प्रशासन से मांग की कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान किया जाए। इस दौरान आरिफ खान, तहसीन अली, रामू यादव, दलजीत सिंह, तरसेम सिंह, दीपक सिंह अर्कवंशी, अकील, नरेंद्र पाल, मोहम्मद रफी, कल्पना तिवारी, अनुज यादव, धीरज कुमार, दिलीप कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

ब्यूरो रिपोर्ट

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0