तुलसी विवाह कल 21 नवंबर को, जानें शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और महत्

तुलसी विवाह 2026 शनिवार, 21 नवंबर को मनाया जाएगा। जानें माता तुलसी और भगवान शालिग्राम के विवाह का शुभ समय, घर पर पूजा की विधि और धार्मिक महत्व।

Nov 20, 2026 - 12:49
Nov 20, 2026 - 12:52
 0  2
तुलसी विवाह कल 21 नवंबर को, जानें शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और महत्
प्रतिकात्मक फोटो

तुलसी विवाह 2026 : हिंदू धर्म में तुलसी विवाह का विशेष धार्मिक महत्व है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को माता तुलसी और भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप का विवाह कराया जाता है। मान्यता है कि तुलसी विवाह संपन्न कराने से घर में सुख-समृद्धि आती है और भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी की विशेष कृपा प्राप्त होती है। इस वर्ष तुलसी विवाह 21 नवंबर 2026, शनिवार को मनाया जाएगा।

कब मनाया जाएगा तुलसी विवाह?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार तुलसी विवाह देवउठनी एकादशी से शुरू होने वाले मांगलिक आयोजनों का महत्वपूर्ण पर्व है। देश के अलग-अलग हिस्सों में कुछ लोग देवउठनी एकादशी के दिन, तो कुछ कार्तिक शुक्ल द्वादशी को तुलसी विवाह करते हैं। ज्योतिषाचार्य पंडित नरेंद्र उपाध्याय के अनुसार, शास्त्रों में कार्तिक शुक्ल द्वादशी को तुलसी विवाह के लिए उत्तम माना गया है। इस वर्ष द्वादशी तिथि का मान 21 नवंबर को होने के कारण इसी दिन तुलसी विवाह किया जाएगा।

प्रदोष काल में करें तुलसी विवाह

तुलसी विवाह की पूजा शाम के समय प्रदोष काल में करना शुभ माना जाता है। इस दौरान श्रद्धालु माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विधि-विधान से पूजन कर विवाह संस्कार संपन्न कराते हैं। स्थानीय पंचांग के अनुसार प्रदोष काल का सटीक समय देखकर पूजा की तैयारी करना उचित रहेगा।

घर पर कैसे कराएं तुलसी विवाह? जानें आसान विधि

तुलसी विवाह घर पर भी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कराया जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले तुलसी के पौधे को आंगन, छत या पूजा स्थल पर साफ चौकी पर स्थापित करें। तुलसी के गमले के चारों ओर गन्ने से सुंदर मंडप सजाएं और उसे हल्दी से अलंकृत करें।

इसके बाद तुलसी माता के पास भगवान शालिग्राम को विराजमान करें। यदि शालिग्राम उपलब्ध न हों, तो भगवान विष्णु की तस्वीर या प्रतिमा स्थापित कर सकते हैं। तुलसी माता को चुनरी, सुहाग सामग्री, फूल और माला अर्पित करें। भगवान शालिग्राम को हल्दी और चंदन लगाकर उनका पूजन करें।

ध्यान रखें कि भगवान शालिग्राम की पूजा में अक्षत यानी चावल का प्रयोग नहीं किया जाता। इसके स्थान पर तिल अर्पित किए जा सकते हैं। इसके बाद परिवार का कोई पुरुष सदस्य भगवान शालिग्राम को हाथ में लेकर तुलसी माता की सात बार परिक्रमा कराए। अंत में धूप और कपूर जलाकर आरती करें तथा भगवान को भोग लगाएं।

तुलसी विवाह का धार्मिक महत्व

हिंदू मान्यताओं में तुलसी को माता लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है, जबकि शालिग्राम भगवान विष्णु के प्रतीक हैं। तुलसी और शालिग्राम का विवाह कराने से वैवाहिक जीवन में सुख-शांति, परिवार में समृद्धि और घर में सकारात्मकता आने की मान्यता है।

तुलसी विवाह के साथ ही हिंदू धर्म में मांगलिक कार्यों की शुरुआत भी मानी जाती है। इस पर्व के बाद विवाह सहित अन्य शुभ संस्कारों के आयोजन का मार्ग प्रशस्त होता है। श्रद्धालु इस दिन श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0