लखीमपुर खीरी : अन्नपूर्णा रसोई ने पूरे किए सेवा के तीन वर्ष
लखीमपुर खीरी , अचल वार्ता। जिले में सेवा, समर्पण और मानवता की मिसाल बन चुकी अन्नपूर्णा रसोई, लखीमपुर ने मंगलवार को अपने सफल संचालन के तीन वर्ष पूर्ण कर लिए। इस अवसर पर आयोजित स्थापना दिवस समारोह में संस्था की संरक्षिका मधुलिका त्रिपाठी ने केक काटकर खुशी साझा की और इस जनसेवा अभियान से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। गौरतलब है कि 16 जून 2023 को शुरू हुई अन्नपूर्णा रसोई आज जरूरतमंदों के लिए उम्मीद का एक मजबूत सहारा बन चुकी है। बीते तीन वर्षों से यहां प्रतिदिन सैकड़ों लोगों को मात्र 10 रुपये में पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसका लाभ विशेष रूप से मजदूरों, रिक्शा चालकों, अस्पतालों में मरीजों के तीमारदारों तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को मिल रहा है। अन्नपूर्णा रसोई केवल भोजन उपलब्ध कराने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सेवा और संवेदना की भावना को मजबूत करने का एक प्रेरणादायी अभियान बन गई है। समाज के अनेक प्रबुद्ध नागरिक इस पुनीत कार्य में आर्थिक और सामाजिक सहयोग प्रदान कर रहे हैं। कई लोग अपने जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ और अन्य विशेष अवसरों को जरूरतमंदों के साथ भोजन वितरण कर यादगार बनाते हैं। स्थापना दिवस समारोह में डॉ. डी.एन. मालपानी, हुकुमचंद अग्रवाल, हरिप्रकाश त्रिपाठी, जाह्नवी मिश्रा, आर.पी. रस्तोगी, आशा दीक्षित सहित अनेक सहयोगी उपस्थित रहे। इस अवसर पर संस्था से जुड़े सहयोगियों का सम्मान भी किया गया। अन्नपूर्णा रसोई को विभिन्न सामाजिक संगठनों, रोटरी क्लब तथा नगर पालिका का समय-समय पर सहयोग मिलता रहा है। रोटरी क्लब लखीमपुर द्वारा रसोई परिसर में वाटर कूलर की व्यवस्था कराई गई है, जिससे यहां आने वाले लोगों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध हो रहा है। वक्ताओं ने अन्नपूर्णा रसोई की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में निस्वार्थ सेवा का यह अभियान समाज के लिए एक प्रेरणा है। तीन वर्षों में अन्नपूर्णा रसोई ने यह साबित कर दिया है कि यदि सेवा का संकल्प मजबूत हो तो छोटे प्रयास भी हजारों लोगों के जीवन में मुस्कान ला सकते हैं। मानव सेवा को समर्पित अन्नपूर्णा रसोई का यह तीन वर्षीय सफर वास्तव में “3 साल बेमिसाल” की संकल्पना को चरितार्थ करता है और समाज के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण बनकर उभरा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0