राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान खुला | 3 फरवरी से 31 मार्च तक मुफ्त एंट्री
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अमृत उद्यान का उद्घाटन किया। 3 फरवरी से 31 मार्च तक मुफ्त प्रवेश, ऑनलाइन बुकिंग जरूरी। जानिए समय और नियम।
नई दिल्ली | अचल वार्ता
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रविवार को राष्ट्रपति भवन स्थित प्रसिद्ध अमृत उद्यान का विधिवत उद्घाटन किया। यह खूबसूरत उद्यान अब 3 फरवरी से 31 मार्च 2026 तक आम लोगों के लिए खोला जाएगा। हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में पर्यटकों और प्रकृति प्रेमियों के पहुंचने की उम्मीद है।
अमृत उद्यान सप्ताह में छह दिन खुला रहेगा। पर्यटक सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक उद्यान का भ्रमण कर सकेंगे, जबकि अंतिम प्रवेश शाम 5 बजे तक दिया जाएगा। हालांकि, 4 मार्च को होली के अवसर पर उद्यान बंद रहेगा।
प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क, ऑनलाइन बुकिंग जरूरी
अमृत उद्यान में प्रवेश पूरी तरह फ्री रखा गया है, लेकिन इसके लिए ऑनलाइन बुकिंग अनिवार्य होगी। सुरक्षा कारणों से बिना बुकिंग प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पर्यटकों के लिए एंट्री और एग्जिट गेट नंबर 35 निर्धारित किया गया है।
फूलों की रंगीन दुनिया देखने का मौका
अमृत उद्यान अपने दुर्लभ और आकर्षक फूलों, हरियाली और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है। यहां गुलाब, ट्यूलिप, मौसमी फूलों और सजावटी पौधों की मनमोहक छटा देखने को मिलती है, जो हर साल लोगों को अपनी ओर खींचती है।
प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे तय समय और नियमों का पालन करें, ताकि सभी आगंतुक इस प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले सकें।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
1
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0